Firozabad News: सपा सांसद अक्षय यादव के आवास पर भाजपा महिला मोर्चा का घेराव, जमकर हुई नारेबाजी

Firozabad News: फिरोजाबाद में सपा सांसद अक्षय यादव के आवास पर भाजपा महिला मोर्चा ने घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

Brijesh Singh
Published on: 11 May 2026 2:09 PM IST
Firozabad News
X

Firozabad News(Photo-Social Media)

Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद नगर में उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब भाजपा महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता क्षेत्रीय सपा सांसद अक्षय यादव के आवास पहुंच गईं। महिला कार्यकर्ताओं ने सांसद आवास का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की और महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।

यह प्रदर्शन नेशनल हाईवे स्थित बाला जी मंदिर के सामने मौजूद सांसद आवास पर किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अगर विपक्षी सांसद चाहते, तो 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल आसानी से पास हो सकता था, लेकिन विपक्ष के सांसदों ने इस बिल का समर्थन नहीं किया, जिसकी वजह से यह पास नहीं हो सका।

महिला आरक्षण बिल को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश

प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के अधिकार और सम्मान का मुद्दा जोरशोर से उठाया। राजनीतिक गलियारों में इस प्रदर्शन को विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। भाजपा महिला मोर्चा के जरिए महिलाओं के बीच यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए काम कर रही है, जबकि विपक्ष महिलाओं के मुद्दों को गंभीरता से नहीं लेता। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि महिला आरक्षण बिल आने वाले विधानसभा चुनाव में बड़ा चुनावी मुद्दा बन सकता है और भाजपा इसी मुद्दे के जरिए महिलाओं को अपने पक्ष में करने की रणनीति पर काम कर रही है।

कार्यकर्ताओं ने चाय-पानी और बिस्कुट से किया स्वागत

प्रदर्शन के दौरान एक अलग नजारा भी देखने को मिला। सांसद अक्षय यादव के आवास पर मौजूद सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, केवी यादव, गौरव यादव और हिमालय यादव ने महिला कार्यकर्ताओं के सम्मान में ठंडा पानी, चाय और बिस्कुट भिजवाए। कुछ बुजुर्ग महिलाओं ने पानी पीकर राहत महसूस की, लेकिन कई महिला कार्यकर्ता इस पर नाराज हो गईं। नाराज महिला नेताओं ने चाय, पानी और बिस्कुट लेने से इनकार कर दिया और नारेबाजी करते हुए कहा कि उन्हें सम्मान नहीं, बल्कि अधिकार चाहिए। महिला कार्यकर्ताओं की नाराजगी और नारेबाजी से वहां का माहौल काफी देर तक गरमाया रहा।

सांसद आवास पर भारी पुलिस बल तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए सांसद आवास के बाहर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया। राहगीरों और वाहनों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए रास्ता पूरी तरह साफ रखा गया था।

Brijesh Singh
ABOUT THE AUTHOR

Brijesh Singh

Next Story