TRENDING TAGS :
Firozabad Child Murder Case: सड़क पर पटककर कर दी मासूम की हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
Firozabad Child Murder Case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की सड़क पर पटक-पटककर हत्या करने वाले आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, मामले की जांच जारी है
Image Source- Social Media
Firozabad Child Murder Case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद कस्बे में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सामने आया था CCTV फुटेज
दरअसल यह मामला उस समय पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया था, जब डेढ़ साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और लोगों में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विराज उर्फ जितेंद्र के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।
पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी
वहीं पुलिस की जांच के दौरान आरोपी का सामना पुलिस टीम से हो गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आरोपी के दोनों पैरों में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
वहीं मामले की पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की वारदात को कबूल कर लिया। आरोपी ने दावा किया कि उसका बच्चे की मां के साथ प्रेम प्रसंग था और वह उसे ब्लैकमेल कर रही थी। आरोपी के मुताबिक इसी प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
टॉफी दिलाने के बहाने ले गया था आरोपी
वहीं मृतक बच्चे की मां ने बताया कि आरोपी विराज उससे शादी करना चाहता था। उसका मानना था कि बच्चा उसके रास्ते की सबसे बड़ी रुकावट है। शुक्रवार को जब वह अपनी एक रिश्तेदार के घर आई हुई थी, उसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और टॉफी दिलाने के बहाने बच्चे को अपने साथ ले गया।
इसके बाद आरोपी ने मासूम बच्चे को सड़क पर पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद परिजन बच्चे को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पूरी वारदात का दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल
वहीं मासूम बच्चे की निर्मम हत्या के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की क्रूरता ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वहीं पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
वहीं पुलिस के अनुसार आरोपी शिकोहाबाद क्षेत्र में एक किराने की दुकान चलाता है। अपर पुलिस अधीक्षक सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि हत्या की घटना में वांछित आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच लगातार जारी है।


