TRENDING TAGS :
Firozabad News: शिकोहाबाद में व्यापार मंडल सम्मेलन, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का भव्य स्वागत
Firozabad News: शिकोहाबाद में आयोजित व्यापार मंडल प्रांतीय सम्मेलन में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने व्यापारियों को सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिया।
Firozabad News(Photo-Social Media)
Firozabad News: उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल शिकोहाबाद द्वारा रविवार को गढ़ैया मोहल्ला स्थित अग्रवाल धर्मशाला में प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह मौजूद रहे। इस सम्मेलन में प्रदेश के करीब 15 जिलों से आए व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों की समस्याओं, कानून व्यवस्था और व्यापारिक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
व्यापारियों के साथ हर समय खड़ी है सरकार
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं होने देगी। मंत्री ने कहा, “यदि किसी व्यापारी को मेरी आवश्यकता पड़ेगी, तो मैं हर समय उनके लिए उपलब्ध रहूंगा और पूरा सहयोग करूंगा।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश से गुंडाराज पूरी तरह समाप्त हो चुका है और अब व्यापारी भयमुक्त होकर अपना कारोबार कर रहे हैं।
व्यापारी सरकार की रीढ़ हैं
जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार को सबसे अधिक राजस्व व्यापारियों से प्राप्त होता है, इसलिए व्यापारी सरकार की रीढ़ हैं। सरकार व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
व्यापारियों ने अधिकारियों पर लगाए उत्पीड़न के आरोप
सम्मेलन में विभिन्न जिलों से आए व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कई विभागों के अधिकारी मनमाने तरीके से व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तर के अधिकारी भी व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुनते।
11 सदस्यीय कमेटी बनाने की घोषणा
प्रदेश अध्यक्ष वी.एस. गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक जिले में 11 सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी, जो व्यापारियों के उत्पीड़न के खिलाफ अधिकारियों का घेराव करेगी।
बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी संजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री रीतेश अग्रवाल, नवीन शिवहरे, विजय गुप्ता, विनोद माहेश्वरी, संजय मित्तल, राहुल कुमार, नितिन अग्रवाल, भगवान दास, विनोद जैन, दीपक गुप्ता, धीरज अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश अग्रवाल और महेंद्र कुशवाह ने किया। सम्मेलन में विभिन्न जनपदों से करीब 250 व्यापारियों ने भाग लिया।


