Ghazipur News : पुरानी अदावत में गहमर गांव में खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत, दो की तलाश जारी

Ghazipur News : गाजीपुर के गहमर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, एक युवक का शव बरामद, दो की तलाश, हाईवे जाम।

Rajnish Mishra
Published on: 25 Dec 2025 2:11 PM IST
Ghazipur News : पुरानी अदावत में गहमर गांव में खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत, दो की तलाश जारी
X

Bloody Clash Over Old Enmity in Ghazipur

Ghazipur News : गाजीपुर जनपद के गहमर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गहमर गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी अदावत को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस झड़प में तीन युवकों की मौत हो गई है, हालांकि पुलिस को अब तक एक युवक का शव ही बरामद हुआ है, जबकि दो अन्य युवकों की तलाश जारी है।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मृतक का शव नेशनल हाईवे 124 पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पूर्व विधायक सुनीता सिंह मौके पर पहुंचीं और लोगों को समझाकर जाम हटवाने का प्रयास कर रही हैं। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।

पुरानी अदावत बनी संघर्ष की वजह

जानकारी के अनुसार गहमर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। किसी छोटी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें गहमर गांव के पट्टी खेमसराय निवासी विक्की सिंह पुत्र संजय सिंह की मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि इस संघर्ष में दो अन्य युवक—सौरभ सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी पट्टी बाबूराय और अंकित सिंह पुत्र अरुण सिंह निवासी पट्टी गोपालराय—की भी मौत हो गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल एक युवक विक्की सिंह का शव ही बरामद हुआ है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजन तीन युवकों की मौत का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन जब तक अन्य दो युवकों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है। दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Rajnish Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Rajnish Mishra

Next Story