TRENDING TAGS :
Ghazipur News: गाजीपुर के कटरिया गांव में बवाल, सपा दल को रोका गया प्रवेश
Ghazipur News: सपा प्रतिनिधिमंडल को गांव में घुसने से रोके जाने पर हुआ विवाद, दोनों पक्षों में जमकर पथराव, कई लोग घायल, पुलिस भी हुई जख्मी, मामले की जांच जारी।
गाजीपुर के कटरिया गांव में बवाल, सपा दल को रोका गया प्रवेश (Photo- Newstrack)
Ghazipur News: गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र स्थित कटरिया गांव में उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब समाजवादी पार्टी (सपा) का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा। यह प्रतिनिधिमंडल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बुधवार को गांव में पहुंचा था। लेकिन गांव के प्रधान आशू सिंह और उनके समर्थकों ने सपा नेताओं को गांव में प्रवेश करने से रोक दिया।
प्रतिनिधिमंडल को रोके जाने के बाद माहौल तेजी से गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस पथराव में सपा कार्यकर्ताओं सहित कई ग्रामीण घायल हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं।
15 अप्रैल की घटना से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद 15 अप्रैल को हुई एक युवती की संदिग्ध मौत से जुड़ा हुआ है। कटरिया गांव की रहने वाली युवती विश्वकर्मा शर्मा की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई थी। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, युवती और आरोपी युवक के बीच लंबे समय से संबंध थे और घटना वाली रात दोनों के बीच लंबी बातचीत भी हुई थी। साथ ही युवती की अपने परिवार से भी करीब तीन घंटे तक बात हुई थी।
पुलिस का कहना है कि इस मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं, कुछ लोग इस घटना को अलग रूप देकर गांव का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है और गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।


