Gonda News: बेखौफ चोरों का आतंक: घर से लाखों के जेवरात व नगदी पार, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

Gonda News: गोंडा के कर्नलगंज में बेखौफ चोरों ने घर में घुसकर लाखों के जेवर, कीमती सामान और 30 हजार नगद पार कर दिए, ग्रामीणों में दहशत

Radheshyam Mishra
Published on: 23 May 2026 10:25 PM IST
theft case
X

बेखौफ चोरों का आतंक: घर से लाखों के जेवरात व नगदी पार, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल (Photo- Newstrack)

Gonda News: कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत कोंचा कासिमपुर के मजरा सालपुर का है, जहां बीते दिनों रात में अज्ञात चोरों द्वारा एक घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण, कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिये जाने का मामला सामने आया है।

पीड़ित योगेश प्रताप सिंह द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, देर रात चोर उनके घर में घुस गए और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, अन्य कीमती सामान तथा करीब 30 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर के ताले टूटे पड़े थे और सामान अस्त-व्यस्त मिला।

पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की

कुछ सामान घर के भीतर बिखरा पड़ा था, जबकि कुछ सामान खेत में फेंका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस गश्त और रात्रि निगरानी केवल कागजों तक सीमित

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त और रात्रि निगरानी केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है, जिसके चलते चोरों और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

Next Story