Gonda News: प्रसूता को ले जा रहे टेंपो को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; महिला की मौत, 5 घायल

Gonda News: गोंडा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में गोंडा-लखनऊ हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक प्रसूता महिला की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Radheshyam Mishra
Published on: 27 May 2026 6:54 PM IST
Gonda News: प्रसूता को ले जा रहे टेंपो को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; महिला की मौत, 5 घायल
X

Gonda News

Gonda News: जिले के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत गोंडा-लखनऊ हाईवे पर स्थित बालपुर जाट गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सवारियों से भरे एक टेंपो को किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि टेंपो में सवार एक महिला का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया, जिसकी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, कर्नलगंज की ग्राम पंचायत कुंवरपुर अमरहा के सिकिहा गांव निवासी अर्जुन अपनी प्रसूता पत्नी का इलाज कराने गोंडा गए थे। इलाज के बाद वे टेंपो से वापस लौट रहे थे। टेंपो में उनकी पत्नी, एक आशा बहू और मीरा देवी समेत अन्य लोग सवार थे। इसी दौरान बालपुर जाट गांव के पास सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो सड़क किनारे पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।इस हादसे में तीन महिलाओं समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला मीरा देवी (62), पत्नी रामगोपाल गोस्वामी की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है। सड़क हादसे में मीरा देवी की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय टेंपो चालक मोहम्मद उस्मान उर्फ करिया नशे की हालत में था और वाहन लापरवाही से चला रहा था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने टेंपो और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन व उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में परिजनों ने पुलिस को तहरीर दे दी है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

Next Story