Gonda News: किसान चक रोड मुक्ति अभियान शुरू, 613 मार्गों से अतिक्रमण हटाने को प्रशासन सख्त

Gonda News: देवीपाटन मंडल में प्रशासन ने चक रोडों से अतिक्रमण हटाने की कवायद तेज की, किसानों को खेतों तक आसान पहुंच दिलाने पर जोर दिया।

Newstrack Network
Published on: 29 May 2026 9:22 PM IST
Chak Road Liberation Campaign
X

किसान चक रोड मुक्ति अभियान शुरू, 613 मार्गों से अतिक्रमण हटाने को प्रशासन सख्त (Photo- Social Media)

'Gonda News: गोंडा। प्रदेश सरकार के निर्देश पर किसानों को खेतों तक सुगम पहुंच उपलब्ध कराने और सार्वजनिक चक रोडों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से देवीपाटन मंडल में “किसान चक रोड मुक्ति अभियान” की शुरुआत की गई है। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशन में शुरू किए गए इस अभियान को लेकर मंडल के सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों व अपर जिलाधिकारियों की टीम तैयार की गई है

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि चक रोड गांवों में किसानों के लिए खेतों तक पहुंचने का प्रमुख माध्यम हैं। इन रास्तों का उपयोग ट्रैक्टर, बैलगाड़ी, कृषि यंत्रों तथा फसल परिवहन के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चक रोडों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।


आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार चकमार्गों का सीमांकन कर अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए। साथ ही ग्रामीणों को सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और चक रोडों के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने को कहा गया। उन्होंने बताया कि बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लेखपालों के माध्यम से एफआईआर दर्ज कराई जाए। मंडल में चकमार्गों की पैमाइश व निर्माण कार्य में भी तेजी लाई गई है।

इन मार्गों से हटेगा अतिक्रमण

गोंडा में 613 चकमार्गों की पैमाइश की गई है, जिनमें से 514 मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर मिट्टी पटाई का कार्य कराया जाएगा। बलरामपुर में 243, श्रावस्ती में 616 और बहराइच में 1659 चकमार्गों की पैमाइश पूरी की जा चुकी है।

फसल बोआई से पहले पूरा होगा अभियान

देवीपाटन मंडल की मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि "किसानों के लिए अगली फसल की बोआई से पहले सभी चकमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर लिया जाएगा। अधिकारियों की टीम को इस कार्य में लगाया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम आएंगे।'

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story