TRENDING TAGS :
Gorakhpur News: पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण, गरीब परिवारों को रियायती दर पर मिलेगी सुविधा
गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। यह सुविधा गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रियायती दर पर विवाह व सामाजिक आयोजन हेतु उपलब्ध होगी।
Gorakhpur News: निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे ‘कल्याण मंडपम’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनकल्याणकारी विजन का साकार रूप बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में गोरखपुर में पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण शनिवार (14 फरवरी) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप गोरखपुर में वार्ड स्तर पर कल्याण मंडपम की श्रृंखला स्थापित की जा रही है, ताकि आमजन को सुलभ, सुव्यवस्थित और किफायती सुविधाएं मिल सकें। मात्र एक वर्ष में महानगर में चार कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। यह पहल विशेष रूप से उन परिवारों के लिए राहतकारी सिद्ध हो रही है, जो आर्थिक सीमाओं के कारण महंगे मैरिज हाउस का खर्च वहन करने में असमर्थ थे।
कल्याण मंडपम में विशाल सभागार, स्वच्छ परिसर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं बजट के अनुरूप उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे सामाजिक आयोजनों का आर्थिक बोझ कम हो रहा है और प्रत्येक वर्ग को गरिमापूर्ण आयोजन का अवसर मिल रहा है। यह पहल सरकार की समावेशी विकास नीति का भी परिचायक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग दो वर्ष पूर्व गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और नगर निगम को निर्देश दिया था कि निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए मैरिज हाउस का किफायती विकल्प उपलब्ध कराया जाए। उनके निर्देश के बाद कल्याण मंडपम का निर्माण कार्य शुरू हुआ। इस योजना के लिए मुख्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से भी धनराशि उपलब्ध कराई।
फरवरी 2025 से फरवरी 2026 के बीच चार कल्याण मंडपम जनता को समर्पित किए जा चुके हैं। 13 फरवरी 2025 को खोराबार में 4.71 करोड़ रुपये की लागत से बने पहले कल्याण मंडपम का लोकार्पण हुआ। इसके बाद 6 जून को सूरजकुंड (4.52 करोड़ रुपये), 22 अगस्त को मानबेला (2.65 करोड़ रुपये) तथा राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद (85 लाख रुपये) में बने कल्याण मंडपम का उद्घाटन किया गया। अब बिछिया (जंगल तुलसीराम वार्ड) में 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बने पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण होगा।
जीडीए के उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि जंगल बेनीमाधव, बशारतपुर, नकहा नंबर दो, महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर दो और सेमरा में भी कल्याण मंडपम निर्माणाधीन हैं। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
300 लोगों की क्षमता वाला है बिछिया का कल्याण मंडपम
बिछिया में जीडीए ने 1120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कल्याण मंडपम (कन्वेंशन सेंटर) का निर्माण कराया है। यहां 300 लोगों की क्षमता के साथ विवाह, सामाजिक उत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। परिसर में बड़े हाल के साथ किचन, स्टोर और महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। यह पहल शहर के जरूरतमंद परिवारों के लिए सामाजिक सम्मान और आर्थिक राहत का माध्यम बन रही है।


