Gorakhpur News: अस्पताल में शादी, एक्सीडेंट के बाद ICU पहुंची दुल्हन, दूल्हे ने वहीं भर दी मांग

Gorakhpur News: गोरखपुर में ICU में भर्ती बेहोश दुल्हन की मांग दूल्हे ने अस्पताल में सिंदूर भरकर शादी की रस्में निभाईं। इस अनोखी शादी को देखकर डॉक्टर, नर्स और परिवार के लोग भावुक हो गए।

Harsh Sharma
Published on: 14 May 2026 6:29 PM IST
Gorakhpur News: अस्पताल में शादी, एक्सीडेंट के बाद ICU पहुंची दुल्हन, दूल्हे ने वहीं भर दी मांग
X

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के Gorakhpur से एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दूल्हे ने अपनी दुल्हन की मांग अस्पताल के ICU में सिंदूर से भरी। दुल्हन बेहोशी की हालत में अस्पताल के बेड पर लेटी हुई थी, लेकिन फिर भी शादी की रस्में पूरी की गईं। इस अनोखी शादी को देखकर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर, नर्स, स्टाफ और परिवार के लोग भावुक हो गए।

शादी वाले दिन हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बांसगांव क्षेत्र के हटवार गांव की रहने वाली पूजा यादव की शादी महुआ गांव निवासी सन्नी यादव से तय हुई थी। दोनों की शादी की तारीख 13 मई 2026 रखी गई थी। उसी दिन पूजा का एलएलबी अंतिम वर्ष का पेपर भी था। सुबह वह अपने भाई के साथ खलीलाबाद स्थित कॉलेज में परीक्षा देने गई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात आने की तैयारी हो रही थी। परीक्षा खत्म होने के बाद पूजा अपने भाई के साथ बाइक से घर लौट रही थी। तभी रास्ते में अचानक उसे चक्कर आ गया और वह बाइक से नीचे गिर पड़ी। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और काफी खून बहने लगा।

तुरंत अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे के बाद पूजा के भाई ने परिवार को फोन कर जानकारी दी और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गोरखपुर के दाउदपुर स्थित एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद पूजा को ICU में भर्ती कर लिया। डॉक्टरों ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उसकी हालत नाजुक थी। जैसे ही परिवार को यह खबर मिली, अस्पताल में रोने-बिलखने का माहौल बन गया। घर में जहां शादी की खुशी थी, वहीं अचानक चिंता और दुख का माहौल हो गया।

बारात लेकर अस्पताल पहुंचा दूल्हा

शाम को तय समय पर सन्नी यादव बारात लेकर दुल्हन के गांव पहुंचा। गांव में द्वारपूजा और कुछ जरूरी रस्में पूरी की गईं। इसके बाद रात करीब 1 बजे दूल्हा अपने कुछ रिश्तेदारों और पंडित के साथ अस्पताल पहुंचा। ICU में भर्ती पूजा अस्पताल के कपड़ों में बेड पर लेटी हुई थी। वहीं पंडित ने मंत्र पढ़े और शादी की रस्में शुरू हुईं। सन्नी यादव ने पूजा की मांग में सिंदूर भरा और सात वचन लिए। इस दौरान अस्पताल में मौजूद सभी लोग भावुक हो गए। डॉक्टर, नर्स और अस्पताल का स्टाफ भी इस अनोखी शादी का गवाह बना।

दूल्हे और उसके परिवार की हो रही तारीफ

शादी की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा वापस गांव पहुंचा, जहां बाकी परंपराएं निभाई गईं। दुल्हन के भाई सर्वेश यादव ने बताया कि ऐसे मुश्किल समय में बहुत कम लोग शादी के लिए तैयार होते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बहन की हालत गंभीर थी, लेकिन दूल्हे और उसके परिवार ने रिश्ते को निभाते हुए शादी की रस्म पूरी की। परिवार ने इसके लिए दूल्हे और उसके घरवालों का धन्यवाद किया। यह अनोखी शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग दूल्हे की संवेदनशीलता और रिश्ते के प्रति उसकी जिम्मेदारी की तारीफ कर रहे हैं।

Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story