Gorakhpur News: कमर्शियल सिलेंडर की महंगाई का असर आम जनमानस पर नहीं, सांसद रवि किशन का तर्क....

Gorakhpur News: गोरखपुर में सांसद रवि किशन ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को वैश्विक कारणों से जुड़ा बताया, साथ ही बंगाल चुनाव और महिला आरक्षण पर विपक्ष पर साधा निशाना।

Purnima Srivastava
Published on: 1 May 2026 8:53 PM IST
MP Ravi Kishan talks to media in Gorakhpur
X

गोरखपुर में मीडिया से बातचीत करते सांसद रवि किशन (Photo- Newstrack)

Gorakhpur News: गोरखपुर। सांसद रवि किशन शुक्ला ने शुक्रवार को गोरखपुर के सर्किट हाउस में कामर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 1000 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर अजीबोगरीब तर्क दिया। सांसद ने कहा कि कामर्शियल सिलेंडर की महंगाई का असर आम जनमानस पर नहीं पड़ेगा। सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी वैश्विक दिक्कतों से हुई है। सरकार ने आम लोगों की सहूलियत के लिए घरेलू सिलेंडर का दाम नहीं बढ़ाया है।

सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। स्ट्रांग रूम के बाहर प्रदर्शन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का ड्रामा है। मुख्यमंत्री हार की बौखलाहट में स्ट्रांग रूम के बाहर धरना प्रदर्शन कर रही हैं। बंगाल की जनता ने उन्हें हटाने का जनादेश दिया है। भाजपा को बंगाल में प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है। सांसद ने कहा कि बंगाल में मेरे रोड शो में हमला हुआ। हम बोले, मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर के सांसद हैं। ऐसे हमलों से डरने वाले नहीं है।

महिला आरक्षण पर विपक्ष ने विश्वासघात किया

सांसद ने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर कांग्रेस समाजवादी पार्टी टीएमसी और डीएमके ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है। विपक्ष ने महिला विरोधी मानसिकता को पूरी तरह उजागर कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कहा कि नीति निर्माण में महिलाओं को भागीदारी देना कोई उपकार नहीं बल्कि उनका स्वाभाविक अधिकार है। जिन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर में बाधा डाली है उन्हें आने वाले चुनाव में महिलाओं के कड़े आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।

सांसद ने कहा कि विपक्ष को आने वाले चुनाव में एक वोट भी महिलाओं का नहीं मिलेगा। भाजपा महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए इन महिला विरोधी ताकतों के खिलाफ दृढ़ता से लड़ाई लड़ेगी। विपक्ष ने केवल संवैधानिक संशोधन या परिसीमन से जुड़े विधेयकों का विरोध नहीं किया बल्कि भारत की करोड़ों माताओं बहनों और बेटियों के साथ विश्वासघात किया है।

Purnima Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Purnima Srivastava

Next Story