TRENDING TAGS :
Gorakhpur News: जरूरतमंद का आयुष्मान कार्ड बने: CM योगी, जनता दर्शन में 200 लोगों की सुनी समस्याएं
Gorakhpur News: गोरखपुर में CM योगी ने जनता दर्शन में 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश, इलाज में हर संभव मदद का भरोसा।
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचे, जो गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने उनसे आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज में पूरी मदद करेगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी को इलाज के लिए भटकना न पड़े।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे, उनके प्रार्थना पत्र देखे और समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति परेशान न हो, राज्य सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल से एस्टीमेट मिलते ही विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी जनता दर्शन में पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार किया, उन्हें आशीर्वाद दिया और चॉकलेट भी भेंट की। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


