TRENDING TAGS :
Hamirpur News: एनएच-34 पर बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन का सख्त अभियान शुरू
Hamirpur News: हमीरपुर में एनएच-34 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया है। ओवरलोडिंग, ब्लैक स्पॉट और ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
Hamirpur News
Hamirpur News: जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अभिषेक गोयल ने जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुरक्षित बनाए जाने हेतु संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना एवं आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए अवैध, बिना फिटनेस वाले एवं ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बिना परमिट एवं बिना फिटनेस के संचालित स्कूल बसों तथा अवैध बस स्टैंडों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। परिवहन विभाग, पुलिस एवं नगर निकाय संयुक्त रूप से ऐसे स्थलों की पहचान कर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करें।खनन क्षेत्र से संबंधित सड़क सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी खनन पट्टेदार वाहनों का फिटनेस रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से अद्यतन रखा जाए तथा खदानों से निकलने वाले वाहनों की प्री-डिस्पैच जांच सुनिश्चित की जाए। ओवरलोडिंग रोकने हेतु खदान गेटों पर *Weighing in Motion (WIM)* प्रणाली स्थापित करने तथा वाहनों की चरणबद्ध निकासी व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया, ताकि एक साथ भारी संख्या में ट्रकों के निकलने से जाम एवं दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न न हो।
राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर प्रतिदिन लगभग 7000 से 7500 छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं तथा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न होने के कारण यातायात का दबाव अत्यधिक रहता है। इस स्थिति को देखते हुए खनन क्षेत्रों से वाहनों की नियंत्रित एवं समयबद्ध निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।परिवहन विभाग को सड़क पर खराब एवं परित्यक्त वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने, ट्रकों पर रिफ्लेक्टर अनिवार्य कराने तथा ड्राइविंग लाइसेंस एवं परमिट संबंधी प्रवर्तन कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। ट्रक एसोसिएशन के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता बढ़ाने एवं नियमों के पालन को सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
नगर निकायों एवं पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से शहर क्षेत्रों में सड़क किनारे खड़े एवं खराब वाहनों को हटाने हेतु प्रभावी अभियान चलाने तथा आवश्यकतानुसार टोइंग वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। फुटपाथ निर्माण एवं यातायात सुधार योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने, लोकल इंटेलिजेंस ग्रुप को सक्रिय रखने तथा दर्ज एफआईआर की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही QRT एवं 112 वाहनों को दुर्घटना राहत उपकरणों से सुसज्जित करने तथा संयुक्त प्रवर्तन टीमों द्वारा नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनपद में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में पाया गया कि वर्ष 2023 में कुल 76 दुर्घटनाओं में 48 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 66 लोग घायल हुए थे। वर्ष 2024 में दुर्घटनाओं की संख्या बढ़कर 88 हो गई, जिनमें 57 लोगों की मृत्यु हुई एवं 78 लोग घायल हुए। वर्ष 2025 में कुल 94 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 68 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 86 लोग घायल हुए। वहीं वर्ष 2026 में 15 मई तक 35 सड़क दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मृत्यु हो चुकी है एवं 29 लोग घायल हुए हैं।
विशेष रूप से सुमेरपुर, कोतवाली नगर एवं मौदहा क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किए गए हैं, जहां लगातार विशेष निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं लोक निर्माण विभाग को विभिन्न इंजीनियरिंग सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। एनएच-34 पर स्पीड कैमरे, नो पार्किंग एवं नो ओवरटेकिंग संकेतक, रोड सेफ्टी कैट्स आई, डेलीनेटर, हेड मार्किंग लेटर्स, कन्वेक्स मिरर, स्ट्रीट लाइट एवं क्रैश बैरियर लगाए जाने पर विशेष जोर दिया गया है। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर वहां विशेष सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त ट्रक ले-बाय की संख्या बढ़ाने, सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग रोकने तथा ट्रक पार्किंग हेतु उपयुक्त स्थलों की पहचान करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा उपायों को समयबद्ध ढंग से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ओवरस्पीडिंग से बचें, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का प्रयोग करें तथा सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जनसहभागिता एवं जागरूकता से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।


