TRENDING TAGS :
Hamirpur Boat Accident: काल बनी यमुना नदी, नाव हादसे में 6 की मौत, साध्वी निरंजन ज्योति पहुंचीं घटनास्थल
Hamirpur Boat Accident: हमीरपुर में यमुना नदी में दर्दनाक नाव हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने घटनास्थल पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
Hamirpur Boat Accident
Hamirpur Boat Accident: हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र में यमुना नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्राम कुतुबपुर मजरा भौली में नौ लोगों के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, क्षेत्राधिकारी सदर और थाना कुरारा पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद राहत और बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया। एसडीआरएफ टीम, फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे लोगों की तलाश शुरू की गई।
तीन लोगों को जिंदा निकाला गया, छह शव बरामद
राहत और बचाव अभियान के दौरान तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरारा भेजा गया। वहीं एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन में छह लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
मृतकों में बृजरानी पत्नी पप्पू निषाद उम्र करीब 35 वर्ष निवासी ग्राम मनकी थाना कुरारा, अर्चना पुत्री सर्वेश उम्र करीब 14 वर्ष निवासी घाटमपुर, रानी पुत्री बच्चन उम्र करीब 9 वर्ष, आकांक्षा पुत्री रामहित उम्र करीब 9 वर्ष, लव्यांश पुत्र पप्पू उम्र करीब 5 वर्ष निवासी ग्राम मनकी और गौरे उर्फ आदित्य पुत्र महेश उम्र करीब 5 वर्ष निवासी घाटमपुर शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस हमीरपुर भेज दिया है। मामले में अन्य जरूरी विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
बड़े अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
हादसे की गंभीरता को देखते हुए चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा के पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिलाधिकारी हमीरपुर और पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से लगातार नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
साध्वी निरंजन ज्योति ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
यमुना नाव हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति भी घटनास्थल पहुंचीं। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरा दुःख जताया और परिवारों को ढांढस बंधाया। साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि हादसे में प्रभावित सभी परिवारों को मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश भी दिए।
पूरे इलाके में पसरा मातम
नाव हादसे के बाद कुरारा क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। एक ही हादसे में कई लोगों की मौत से गांवों में मातम पसरा है। खासतौर पर बच्चों और महिलाओं की मौत ने लोगों को भीतर तक झकझोर दिया है। वहीं प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।


