TRENDING TAGS :
Hapur News: निर्माणाधीन परिसर में चोरी, चौकीदार की बाइक, मोबाइल, बैटरी और इंवर्टर चोरी
Hapur News: हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन परिसर से चौकीदार की बाइक, मोबाइल, बैटरी और इंवर्टर चोरी हो गया, पीछा करने पर चौकीदार घायल हो गया और पुलिस जांच में जुटी है ही।
निर्माणाधीन परिसर में चोरी, चौकीदार की बाइक, मोबाइल, बैटरी और इंवर्टर चोरी (Photo- Newstrack)
Hapur News: जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के बागड़पुर अंडरपास के निकट स्थित एक निर्माणाधीन परिसर से सामने आया है, जहां रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने चौकीदार को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर परिसर में घुसकर चौकीदार की बाइक, मोबाइल फोन, बैटरी, स्टेबलाइजर और इंवर्टर चोरी कर फरार हो गए। चोरी का पता चलते ही चौकीदार ने आरोपितों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह गिरकर घायल हो गया और चोर मौके से फरार होने में सफल रहे।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित की शिकायत पर बाबूगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में जुटी हुई है।
रात एक बजे सो रहा था चौकीदार, तभी हुई वारदात
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव छपकौली निवासी सतीश कुमार बागड़पुर अंडरपास के पास सर्विस रोड स्थित एक निर्माणाधीन परिसर में चौकीदारी का कार्य करते हैं। परिसर एक बाउंड्रीवाल से घिरा हुआ है और वहां मिट्टी भराव का कार्य चल रहा है। परिसर के मालिक गाजियाबाद निवासी बताए गए हैं।सतीश कुमार ने बताया कि रात करीब एक बजे वह परिसर के अंदर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात चोर परिसर में घुस आए। चोरों ने बड़ी ही शातिराना तरीके से उनकी बाइक, मोबाइल फोन, बैटरी, स्टेबलाइजर और इंवर्टर चोरी कर लिया।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सामान लेकर मौके से फरार होने लगे।
चोरों का पीछा करते समय घायल हुआ चौकीदार
चोरी की भनक लगते ही सतीश कुमार ने चोरों का पीछा करने की कोशिश की। उन्होंने शोर मचाते हुए आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे में दौड़ते समय उनका पैर फिसल गया और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इस कारण चोरों को भागने का मौका मिल गया और वे आसानी से फरार हो गए।घायल चौकीदार ने बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
निर्माणाधीन स्थलों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना ने निर्माणाधीन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि रात के समय ऐसे कई निर्माणाधीन परिसर पर्याप्त सुरक्षा के अभाव में असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहते हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों और कारोबारियों में चिंता बढ़ रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।


