Hapur News: हाइब्रिड कार की मांग पूरी न होने पर गर्भवती महिला से मारपीट, चार पर मुकदमा दर्ज

Hapur News: हापुड़ में दहेज में हाइब्रिड कार की मांग पूरी न होने पर गर्भवती महिला के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

Avnish Pal
Published on: 4 Jun 2026 10:57 AM IST
Hapur News: हाइब्रिड कार की मांग पूरी न होने पर गर्भवती महिला से मारपीट, चार पर मुकदमा दर्ज
X

Hapur News

Hapur News: दहेज के लिए विवाहिता के उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। अतिरिक्त दहेज में हाइब्रिड कार और अन्य महंगे सामान की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष ने उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई और उसे मायके छोड़ दिया गया।

2022 में धूमधाम से हुई थी शादी

महिला थाना में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी सोनम की शादी 28 नवंबर 2022 को गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद क्षेत्र स्थित राजीव कॉलोनी निवासी आर्यन उर्फ प्रिंस के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। विवाह समारोह में लड़की पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के जेवरात, फर्नीचर, होंडा शाइन मोटरसाइकिल, नकदी तथा अन्य घरेलू सामान दिया था।पीड़िता का आरोप है कि शादी के समय दिए गए दहेज से ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति आर्यन उर्फ प्रिंस, सास बबीता, ननद वैष्णवी और देवर विवेक ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।

हाइब्रिड कार की मांग पूरी न होने पर बढ़ी प्रताड़ना

रिपोर्ट के मुताबिक आरोपित लगातार हाइब्रिड कार और अन्य कीमती सामान लाने का दबाव बनाते थे। जब पीड़िता ने अपने परिजनों की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई तो उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया गया।पीड़िता का कहना है कि उसे बार-बार ताने दिए जाते थे और दहेज न लाने को लेकर अपमानित किया जाता था। परिवार के लोग उसे मायके से पैसा और महंगा सामान लाने के लिए मजबूर करते थे। विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था।

सोनम ने आरोप लगाया कि एक मई 2024 को जब वह गर्भवती थी, तब भी ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की। आरोपितों ने उसे घर से निकाल दिया और मायके छोड़ आए। गर्भावस्था के दौरान हुई इस घटना से वह मानसिक रूप से टूट गई।मायके में रहने के दौरान उसने एक पुत्री को जन्म दिया, जिसका नाम सनाया रखा गया। बेटी के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और दहेज की मांग जारी रही।

पंचायत में हुआ समझौता, लेकिन नहीं बदले हालात

पीड़िता के अनुसार परिवार और समाज के लोगों की पहल पर दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। पंचायत में भविष्य में उत्पीड़न न करने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद वह दोबारा अपने ससुराल लौट गई।लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद भी स्थिति पहले जैसी ही रही। आरोप है कि कुछ समय तक सब सामान्य दिखाने के बाद फिर से दहेज की मांग शुरू कर दी गई। विरोध करने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटनाएं होने लगीं।

बेटी समेत जान से मारने की दी धमकी

पीड़िता का आरोप है कि 17 जुलाई 2024 को आरोपितों ने उसके साथ फिर मारपीट की और घर से निकाल दिया। इस दौरान उसे और उसकी मासूम बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी गई। धमकियों और प्रताड़ना से परेशान होकर वह फिर मायके में रहने लगी।मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के प्रयास भी विफल रहे। रिपोर्ट के अनुसार 29 जनवरी 2026 को पीड़िता का भाई और कुछ रिश्तेदार ससुराल पक्ष से बातचीत और समझौते के लिए उनके घर पहुंचे थे।आरोप है कि बातचीत करने के बजाय आरोपितों ने उनके साथ अभद्रता की और मारपीट कर दी। साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई।

एसपी के निर्देश पर दर्ज हुई रिपोर्ट

मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद महिला थाना पुलिस ने पति आर्यन उर्फ प्रिंस, सास बबीता, ननद वैष्णवी और देवर विवेक के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story