TRENDING TAGS :
Hapur News:पड़ोसी युवक ने नाबालिग को 4 घंटे तक कमरे में बनाया बंधक, दुष्कर्म का आरोप; आरोपी गिरफ्तार
Hapur News: हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में पड़ोसी युवक पर नाबालिग को चार घंटे तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है।मोदीनगर रोड स्थित एक गांव में पड़ोस में रहने वाले युवक पर नाबालिग को कमरे में चार घंटे तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड स्थित एक गांव निवासी व्यक्ति 24 मार्च को अपने निजी काम से मेरठ जिले के सरधना गए हुए थे। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े 11 बजे उनकी पत्नी का फोन आया कि उनकी नाबालिग बेटी करीब दो घंटे से घर से लापता है।बेटी के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया। पिता ने तुरंत पत्नी से आसपास तलाश करने के लिए कहा और डायल 112 पर पुलिस को सूचना देने के लिए कहा।
पड़ोसी के घर मिली नाबालिग
इसी बीच पीड़िता का भतीजा भी डायल 112 पर सूचना देने के बाद लड़की की तलाश में निकल पड़ा। तलाश के दौरान उसे शक होने पर पड़ोस में रहने वाले युवक शोएब के घर पहुंचा।जब वह घर के अंदर गया तो नाबालिग एक कमरे में बंद मिली। दरवाजा खोलने पर लड़की घबराई हुई हालत में मिली। पूछताछ करने पर उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक शोएब उसे जबरदस्ती अपने घर ले गया था और कमरे में करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा।
मुंह दबाकर की वारदात
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसका मुंह हाथ से दबा दिया ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गया।परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और पीड़िता के पिता ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि नाबालिग के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी शोएब को गांव सरावा से उलधन जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


