Hapur News: हापुड़ में जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश, विरोध करने पर धमकी और गाली-गलौज

Hapur News: हापुड़ के हदैरपुर नंगौला में जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास, विरोध करने पर धमकी और गाली-गलौज, पुलिस ने जांच शुरू की।

Avanish Kumar
Published on: 8 April 2026 8:01 PM IST
Hapur News: हापुड़ में जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश, विरोध करने पर धमकी और गाली-गलौज
X

Hapur News

Hapur News: नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव हदैरपुर नंगौला में जमीन कब्जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। गांव निवासी एक युवक ने अपने ही गांव के व्यक्ति पर उसके खरीदे हुए 300 वर्गगज के प्लॉट पर अवैध कब्जा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने उसके प्लॉट में ईंट डलवाकर चारदीवारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और मारपीट करने पर उतारू हो गया।पीड़ित युवक ने इस मामले में नगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है और अपनी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।

दिसंबर 2024 में कराया था प्लॉट का बैनामा

गांव हदैरपुर नंगौला निवासी साजिद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसने 12 दिसंबर 2024 को गांव निवासी यासीन से 300 वर्गगज का प्लॉट बैनामा कराया था। बैनामा होने के बाद उसने जमीन का दाखिल-खारिज भी अपने नाम करा लिया, जिससे जमीन का मालिकाना हक उसके नाम दर्ज हो गया।साजिद का कहना है कि उसने प्लॉट को कानूनी प्रक्रिया के तहत खरीदा था और उसके पास सभी जरूरी दस्तावेज भी मौजूद हैं। इसके बावजूद गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा उस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्लॉट में डलवा दी करीब एक हजार ईंट

पीड़ित के अनुसार आरोपी ने उसके प्लॉट में करीब एक हजार ईंट डलवा दी हैं और अब वहां चारदीवारी कराने की तैयारी कर रहा है। उसे आशंका है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी जमीन पर स्थायी निर्माण कर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर सकता है।साजिद ने बताया कि जब उसने प्लॉट में ईंट डलवाने का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करने की धमकी दी।पीड़ित का आरोप है कि जिस जमीन को लेकर विवाद किया जा रहा है, आरोपी उस जमीन को काफी पहले बेच चुका है, इसके बावजूद वह अब फिर से उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। इससे उसे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

आरोपी की मां और कुछ ग्रामीणों का भी सहयोग

साजिद का कहना है कि इस पूरे मामले में आरोपी की मां भी उसका साथ दे रही है। इतना ही नहीं गांव के कुछ अन्य लोग भी आरोपी के पक्ष में खड़े होकर उसे डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं।पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह कई बार समझाने की कोशिश कर चुका है, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।पीड़ित बुधवार को नगर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उसकी जमीन की जांच कराकर उसे कब्जा मुक्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।

पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन

इस संबंध में सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मामला जमीन से जुड़े विवाद का है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो और विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सके।

Avanish Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Avanish Kumar

Next Story