TRENDING TAGS :
Hardoi News: बेसिक शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल, 16 परिषदीय लिपिकों के कार्यक्षेत्र बदले
Hardoi News: हरदोई के बेसिक शिक्षा विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग ने 16 परिषदीय लिपिकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. अजित सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभाग में कार्यरत 16 परिषदीय लिपिकों के विकास खंडों और कार्यक्षेत्रों में बदलाव किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और संबंधित कर्मचारियों को नए कार्यस्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
बेहतर संचालन के मद्देनजर हुई कार्रवाई
वहीं इस जारी आदेश में कई लिपिकों को उनके वर्तमान कार्यक्षेत्र से हटाकर दूसरे विकास खंडों में भेजा गया है, जबकि कुछ कर्मचारियों को उनके पूर्ववत दायित्वों पर ही बनाए रखा गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यों के बेहतर संचालन को ध्यान में रखते हुए किया गया है। आदेश के तहत वरिष्ठ सहायक ओम प्रकाश यादव को उनके पूर्व कार्यक्षेत्र से स्थानांतरित कर हरपालपुर भेजा गया है, जबकि प्रेम प्रकाश को साण्डी का दायित्व सौंपा गया है। इसी प्रकार अन्य कई लिपिकों के कार्यक्षेत्रों में भी बदलाव किया गया है। कुछ कर्मचारियों को नए विकास खंडों में जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ को अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश
बीएसए कार्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी संबंधित लिपिक तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यस्थलों का चार्ज ग्रहण करें। साथ ही, पूर्व में कार्यरत कर्मचारियों से विधिवत कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करते हुए अपने नए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। आदेश में यह भी कहा गया है कि कार्यभार ग्रहण करने के बाद विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समयबद्धता के साथ करें।विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल लंबे समय से लंबित प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इससे विभिन्न विकास खंडों में लंबित कार्यों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक, वित्त एवं लेखाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि आदेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।


