Hardoi News: दो महीने तक बंधक बनाने का आरोप, लाखों के सामान की लूट का भी दावा

Hardoi News: पाली क्षेत्र के युवक ने एसपी से शिकायत कर पत्नी, साले और साथियों पर बंधक बनाकर प्रताड़ित करने, लाखों के सामान की लूट और धमकाने का आरोप लगाया।

Pulkit Sharma
Published on: 4 Jun 2026 10:58 PM IST
Charges of holding hostage for two months, also claims of looting of goods worth lakhs
X

दो महीने तक बंधक बनाने का आरोप, लाखों के सामान की लूट का भी दावा (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई के पाली थाना क्षेत्र के खारा कुआं मोहल्ले निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी, साले और उनके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।प्रार्थना पत्र के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी।

आरोप है कि पत्नी और उसके सहयोगियों ने उसे एक सरकारी आवास में ले जाकर करीब दो महीने तक जबरन बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसे नशीले पदार्थ दिए गए, जिससे उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति प्रभावित हुई। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उसने वहां से निकलने का प्रयास किया तो उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें भी आईं।पीड़ित ने आगे आरोप लगाया कि किसी तरह वहां से निकलकर वह अपने घर पहुंचा, लेकिन इसके बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। उसके मुताबिक, 2 अप्रैल 2026 को पत्नी अपने भाई और अन्य लोगों के साथ उसके घर में घुस आई। आरोप है कि घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, पीतल के बर्तन तथा अन्य कीमती सामान वाहन में भरकर ले जाया गया। शिकायतकर्ता ने इसे सुनियोजित लूट और चोरी की घटना बताया है।

झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की गई

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उसके पुत्र को लेकर कथित रूप से जान से मारने की साजिश रची गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके पास फोन कॉल रिकॉर्डिंग और कुछ अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जो उसके आरोपों की पुष्टि कर सकते हैं। उसने पुलिस को इन साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है।शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने पूरे मामले की शिकायत करने का प्रयास किया तो उसे डराने-धमकाने के साथ झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की गई।

प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर फर्जी तस्वीरें प्रसारित कर उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया।पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कराने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story