TRENDING TAGS :
Hardoi News: नेता रामज्ञान गुप्ता ने पुलिस प्रशासन और भाजपा नेताओं पर साधा निशाना, लगाए गंभीर आरोप
Hardoi News: हरदोई में नेता रामज्ञान गुप्ता ने पुलिस प्रशासन और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके बयान के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने मंगलवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस प्रशासन और कुछ भाजपा नेताओं पर कई गंभीर आरोप लगाए। अपने सर्कुलर रोड स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक द्वेष के चलते एक झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा गया।रामज्ञान गुप्ता ने बताया कि 27 मई 2026 को उनके खिलाफ दर्ज किए गए मामले में ऐसी धाराएं लगाई गई थीं, जिनमें सामान्य परिस्थितियों में गिरफ्तारी और जेल भेजने का प्रावधान नहीं होता। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
उन्होंने इसे कानून के दुरुपयोग का उदाहरण बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोपों को भी उन्होंने पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना था कि यदि उनके द्वारा किसी प्रकार की अभद्र टिप्पणी की गई है तो संबंधित लोग उसका प्रमाण सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि बिना साक्ष्य के उन पर आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
रामज्ञान गुप्ता ने एक अन्य घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि 25 मई को उनकी ई-रिक्शा एजेंसी पर विजिलेंस और पुलिस विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची थी। उन्होंने दावा किया कि जांच में किसी प्रकार की बिजली चोरी या अनियमितता नहीं पाई गई, फिर भी उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उनके अनुसार, यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव के तहत की जा रही है।सपा नेता ने आरोप लगाया कि उन्होंने शहर में ई-रिक्शा, मैजिक और टेंपो चालकों से कथित अवैध वसूली के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसी के बाद से उन्हें परेशान करने और विभिन्न मामलों में उलझाने की कोशिशें शुरू हो गईं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ शिकायतें की गईं, उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जबकि शिकायत करने वालों को ही प्रताड़ित किया जा रहा है।रामज्ञान गुप्ता ने यह भी दावा किया कि उन्होंने अप्रैल 2026 में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की थी।
उनका कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका है और यदि भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों, बढ़ती महंगाई, बिजली दरों में वृद्धि और आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई और विभिन्न समस्याओं से परेशान है तथा आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाता अपने वोट के माध्यम से इसका जवाब देंगे। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और निष्पक्ष प्रशासनिक व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया।


