Hardoi News: शाहाबाद तहसीलदार की मां की तलाश में जुटा परिवार, 2.51 लाख रुपये इनाम की घोषणा

Hardoi News: शाहाबाद तहसीलदार की लापता मां की तलाश जारी है। परिवार ने उनकी सुरक्षित जानकारी देने वाले को 2.51 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

Pulkit Sharma
Published on: 4 Jun 2026 1:55 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: हरदोई जिले की शाहाबाद तहसील में तैनात तहसीलदार संध्या यादव की माता लल्ली देवी के लापता होने का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। परिवार पिछले एक महीने से अधिक समय से उनकी तलाश में जुटा है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। इसी संबंध में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान परिवार ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 2 लाख 51 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

तहसीलदार संध्या यादव ने बताया कि उनकी माता लल्ली देवी 30 अप्रैल 2026 को लखनऊ के अर्जुनगंज-अहिमामऊ क्षेत्र स्थित एक मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए गई थीं। मंदिर परिसर से बाहर निकलने के बाद वह रास्ता भटक गईं और तभी से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद लखनऊ में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस और परिजन लगातार विभिन्न स्थानों पर उनकी खोजबीन कर रहे हैं।

बाएं हाथ पर गुदा हुआ ‘लल्ली देवी’ और ‘रामधारी’ नाम का टैटू

परिवार के मुताबिक लल्ली देवी की लंबाई लगभग पांच फीट है। जिस दिन वह लापता हुईं, उस समय उन्होंने लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी तथा हाथों में हरी चूड़ियां थीं। उनकी पहचान का एक प्रमुख निशान बाएं हाथ पर गुदा हुआ ‘लल्ली देवी’ और ‘रामधारी’ नाम का टैटू है। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस अथवा परिवार को सूचित करें। अभिनेता फैजल खान भी मौजूद रहे। उन्होंने इस मामले को मानवीय दृष्टिकोण से देखते हुए लोगों से सहयोग करने की अपील की और कहा कि किसी भी छोटी से छोटी सूचना से परिवार को अपनी मां तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।इस दौरान फैजल खान ने हरदोई आगमन का उद्देश्य भी बताया।

उन्होंने कहा कि शाहाबाद क्षेत्र के अख्तियारपुर और दिलावरपुर गांवों में उनके परिवार की लगभग 120 बीघा पैतृक कृषि भूमि और बाग हैं। वह इन संपत्तियों की देखरेख के लिए यहां आए हैं और आगे चलकर कृषि एवं फार्मिंग से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदारी करना चाहते हैं।उत्तर प्रदेश में विकसित की जा रही फिल्म सिटी की सराहना करते हुए फैजल खान ने कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और फिल्म उद्योग को भी नई गति मिलेगी। वहीं आमिर खान के शाहाबाद आने की संभावना पर पूछे गए सवाल का उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया, जिससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दी।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story