Hathras News: आंधी तूफान ने छीनीं तीन जिंदगी, दो बच्चों सहित हुई बकरी चराने वाले अधेड़ की मौत

Hathras News: हाथरस के सादाबाद और मुरसान क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान ने ली तीन जानें, निर्माणाधीन दीवार गिरने से दो मासूमों की मौत, पेड़ के नीचे दबकर अधेड़ ने भी तोड़ा दम।

G Singh
Published on: 30 April 2026 10:10 PM IST
Storm claimed three lives, including two children killed
X

आंधी तूफान ने छीनीं तीन जिंदगी, दो बच्चों सहित हुई बकरी चराने वाले अधेड़ की मौत (Photo- Newstrack)

Hathras News: हाथरस में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई और तीन लोगों की जान ले ली। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलारा में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मुरसान क्षेत्र के गांव बर्दवारी में एक अधेड़ व्यक्ति पेड़ के नीचे दबकर जान गंवा बैठा। इस हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक और दहशत का माहौल है।

दीवार गिरने से दो मासूमों की मौत

सादाबाद क्षेत्र के गांव बिलारा निवासी जयप्रकाश के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार शाम अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। मौसम की मार से बचने के लिए जयप्रकाश की 8 वर्षीय बेटी लाडो और गांव के ही जितेंद्र का 12 वर्षीय बेटा मनीष निर्माणाधीन दीवार के पास खड़े हो गए।

इसी दौरान तेज हवा के झोंकों से दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों बच्चे मलबे में दब गए। घटना देख ग्रामीण मौके पर दौड़े और दोनों को बाहर निकालकर निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोने-बिलखने लगे।

सूचना मिलने पर सादाबाद एसएचओ विजय सिंह और एसडीएम मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने शवों का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने साफ इनकार कर दिया। अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि सरकारी आर्थिक सहायता के लिए पोस्टमार्टम आवश्यक है, फिर भी परिवार अपनी बात पर अड़ा रहा।

पेड़ के नीचे दबकर अधेड़ की मौत

वहीं मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव बर्दवारी में भी तूफान ने एक और जान ले ली। 52 वर्षीय खजान सिंह, जो बकरी चराकर घर लौट रहे थे, अचानक आए तूफान के दौरान एक पेड़ के नीचे दब गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासन ने दोनों घटनाओं की जानकारी लेते हुए राहत और सहायता के प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन इस प्राकृतिक आपदा ने तीन परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है।

G Singh
ABOUT THE AUTHOR

G Singh

Next Story