TRENDING TAGS :
Hathras News: हाथरस में खेत के रास्ते को लेकर खूनी संघर्ष, फायरिंग में 9 घायल, गांव में तनाव
Hathras News: हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में खेत के रास्ते को लेकर विवाद में फायरिंग, 9 लोग घायल। गांव में पुलिस बल तैनात, जांच जारी।
Hathras News: कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव कुकटई में खेत से रास्ता निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान फायरिंग की घटना भी सामने आई, जिसमें एक पक्ष के 9 लोग घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति भी घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव कुकटई निवासी बृजेश उर्फ भूरा ने बताया कि गांव के वर्तमान प्रधान पक्ष के लोग उनके खेत से रास्ता निकालना चाहते हैं। इसको लेकर मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि ग्राम प्रधान संगीता देवी पत्नी रघुराज सिंह पहलवान का बेटा अंकित सोमवार को खेत से रास्ता निकाल रहा था, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि प्रधान पक्ष के लोगों ने बृजेश और उनके परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। फायरिंग की इस घटना में एक पक्ष से मनोज पुत्र निहाल सिंह, मुन्नू बाबू पुत्र पीतम सिंह, वीरेंद्र कुमार पुत्र राजवीर, अशोक कुमार पुत्र भगवान सिंह, रवेंद्र कुमार पुत्र भगवान सिंह, वंश पुत्र बंटी, आशीष कुमार पुत्र मनोज कुमार, रोहित कुमार पुत्र प्रमोद कुमार, बृजेश कुमार उर्फ भूरा पुत्र सत्यवीर सिंह और बंटी कुमार पुत्र निहाल सिंह घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से अंकित पुत्र रघुराज सिंह पहलवान घायल हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक पक्ष के 9 घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
सीओ सादाबाद अमित पाठक ने बताया कि जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच फायरिंग की घटना सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


