IAS Manish Kumar Bansal: कौन हैं आईएएस मनीष कुमार बंसल? जो बने आगरा के नये DM, CEC से है खास रिश्ता

IAS Manish Kumar Bansal: डीएम मनीष कुमार बंसल 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से संगरूर (पंजाब) से आते हैं। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 53वीं रैंक हासिल कर आईएएस सेवा में प्रवेश किया था।

Shishumanjali kharwar
Published on: 20 April 2026 9:14 AM IST (Updated on: 20 April 2026 10:07 AM IST)
IAS Manish Kumar Bansal
X

IAS Manish Kumar Bansal

IAS Manish Kumar Bansal: प्रदेश सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत अरविंद मल्लप्पा बंगारी का तबादला कर दिया है। उन्हें मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मनीष कुमार बंसल को आगरा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। अरविंद मल्लप्पा बंगारी 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उन्होंने 15 सितंबर 2024 को आगरा के डीएम का पद संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई। अब उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

नए डीएम मनीष कुमार बंसल 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। 14 जनवरी 1990 को जन्मे मनीष बंसल मूल रूप से संगरूर (पंजाब) से आते हैं। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 53वीं रैंक हासिल कर प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया था। उनके पिता अवतार राम बंसल बैंक में मुख्य प्रबंधक हैं, जबकि उनकी माता सुधा बंसल गृहिणी हैं। मनीष बंसल बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और उन्होंने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में अच्छे अंक प्राप्त किए। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में एमटेक की डिग्री हासिल की है। व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो मनीष बंसल देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दामाद हैं। उनकी पत्नी मेधा रूपम वर्तमान में गाजियाबाद की जिलाधिकारी हैं।

पत्नी मेधा रूपम भी उत्तर प्रदेश की चर्चित आईएएस अफसरों में शामिल

उनकी पत्नी मेधा रूपम भी उत्तर प्रदेश की चर्चित और तेजतर्रार आईएएस अधिकारियों में शामिल हैं। मेधा रूपम ने वर्ष 2014 की यूपीएससी परीक्षा में 10वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वर्तमान में वह नोएडा की जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। यह दंपति यूपी कैडर के सबसे चर्चित प्रशासनिक जोड़ों में गिना जाता है। मेधा रूपम ने अपनी उच्च शिक्षा सेंट स्टीफन कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरी की है। मनीष बंसल का पारिवारिक संबंध देश के उच्च संवैधानिक पदों से भी जुड़ा है। उनके ससुर ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के आईएएस अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय में सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में वे भारत के चुनाव आयुक्त के रूप में कार्य कर रहे हैं, जो एक संवैधानिक और अत्यंत महत्वपूर्ण पद है।

यह तबादला प्रदेश में हुए बड़े प्रशासनिक बदलाव का हिस्सा है, जिसमें 15 जिलों के डीएम सहित कुल 40 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। इसके अलावा देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त, कई मुख्य विकास अधिकारियों, सचिव स्तर के अधिकारियों और विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्षों के पदों में भी बदलाव किए गए हैं। झांसी और हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरणों में भी नए उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। कई सीडीओ को नए जिलों में भेजा गया है। सरकार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करें।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story