Jalaun News: तेज आंधी का कहर, दो की मौत, कई घायल, बिजली व्यवस्था ठप

Jalaun News: जालौन में तेज आंधी और खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई। हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल हुए। बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित रही।

Afsar Haq
Published on: 29 May 2026 3:38 PM IST
Jalaun News
X

Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार रात आई तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। शहर के मोहल्ला उमरार खेड़ा निवासी सुखदेई देवी (55) और कोतवाली क्षेत्र के बजीदा गांव निवासी मूलचंद (60) की आंधी से हुए हादसों में मौत हो गई। हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मचा रहा।

वहीं शहर के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी उमा देवी के परिवार पर भी तूफान कहर बनकर टूटा। रात में परिवार के लोग छत पर सो रहे थे, तभी तेज हवा के चलते उड़कर आए तीन टीन शेड उनके ऊपर गिर पड़े। हादसे में उमा देवी के पति सहित तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

वहीं उमा देवी इस हादसे में बाल-बाल बच गईं।उधर, डकोर मार्ग पर हाईटेंशन लाइन का खंभा गिरने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। करीब 10 घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और आवागमन बाधित रहा। बिजली विभाग की टीमें लाइन हटाने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। आंधी के चलते जिलेभर में बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। कई इलाकों में घंटों अंधेरा छाया रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में दर्जनों पेड़ और बिजली के पोल गिरने से सबसे अधिक नुकसान हुआ है।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story