Jalaun News: जालौन में दो दिन से बिजली गुल होने पर फूटा लोगों का गुस्सा, कालपी रोड पर लगाया जाम

Jalaun News: आंधी और बारिश के बाद दो दिन तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कालपी रोड पर जाम लगाकर सप्लाई बहाल करने की मांग की गई।

Afsar Haq
Published on: 31 May 2026 4:17 PM IST (Updated on: 31 May 2026 6:03 PM IST)
two days after electricity in Jalaun
X

जालौन दो दिन से बिजली गुल होने पर फूटा लोगों का गुस्सा, कालपी रोड पर लगाया जाम

Jalaun News: जालौन। तेज आंधी-पानी के बाद दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज लोगों का गुस्सा शनिवार रात फूट पड़ा। उरई कोतवाली क्षेत्र के कालपी रोड पर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विद्युत व्यवस्था तत्काल बहाल करने की मांग की। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।

इन्वर्टरों की बैटरियां जवाब दे चुकी

स्थानीय लोगों का आरोप था कि बृहस्पतिवार रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बाद से इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई थी। लगातार दो दिन बीत जाने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से सप्लाई बहाल नहीं की गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। इन्वर्टरों की बैटरियां जवाब दे चुकी थीं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की परेशानी और बढ़ गई।

शनिवार रात करीब 10 बजे आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए और कालपी रोड पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलने पर उरई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कर जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द और नियमित रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद कुछ ही देर में इलाके की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

Afsar Haq
ABOUT THE AUTHOR

Afsar Haq

अफसर हक वरिष्ठ पत्रकार हैं और 2015 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला और लोक भार्ती जैसे प्रतिष्ठानों से जुड़े रहे हैंं। आपने विभिन्न विषयों पर धारदार रिपोर्टिंग से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Next Story