TRENDING TAGS :
Jalaun News: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, घर के बाहर बैठी थी वृद्धा
Jalaun News: जालौन के कुर्रा गांव में घर के बाहर बैठी 55 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई।
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, घर के बाहर बैठी थी वृद्धा (मृतक महिला की फाइल फोटो) (Photo- Newstrack)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना राठ क्षेत्र के ग्राम कुर्रा निवासी सुमित्रा रानी (55) पत्नी छविलाल शनिवार रात अपने घर के बाहर दरवाजे पर बैठी थीं। उनका मकान मझवां रोड के किनारे स्थित है। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक बाइक चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
इलाज के दौरान महिला की मौत
घायल महिला के पुत्र सुनील ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान देर रात करीब 12 बजे महिला ने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी संदीप सिंह पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तेज रफ्तार वाहनों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
वहीं पुलिस इस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना को अंजाम देने वाले बाइक चालक की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों ने गांव के पास सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


