TRENDING TAGS :
Jhansi News: मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना में 285 कृषकों को मिले उपहार, खिले चेहरे
Jhansi News: झांसी में आयोजित कार्यक्रम में 285 किसानों को पंपिंग सेट, स्मार्ट टीवी, मिक्सर ग्राइंडर और अन्य कृषि उपकरण वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना में 285 कृषकों को मिले उपहार, खिले चेहरे (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत 285 किसानों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम नवीन गल्ला मण्डी परिसर तालपुरा झांसी में आयोजित किया गया, जहाँ सांसद झांसी ललितपुर अनुराग शर्मा ने लाभार्थी किसानों को पुरस्कार वितरित किए।
सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर और खुशहाल बनाने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे प्रोत्साहन से किसानों का उत्साह बढ़ता है और वे आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्रोत्साहित करना और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानित करना है। योजना के तहत दिए गए इनामों से किसानों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने "मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना" की जानकारी देते हुए बताया कि कृषि उत्पादन मण्डी अधिनियम, 1964 की धारा-19 के अन्तर्गत मण्डी समिति की निधि एवं उसका उपयोग की व्यवस्था तथा अधिनियम की धारा-26 एम के अन्तर्गत राज्य सरकार द्वारा नियत की जाने वाली योजनाओं के प्राविधानान्तर्गत वर्तमान में मण्डी आवक किसान उपहार योजना संचालित है। इस योजना के अन्तर्गत कृषक उत्पादकों की सहभागिता बढ़ाये जाने के लिए नवीन मण्डी स्थलों में कृषि उपज का विकय करने की दशा में प्रवेश पर्ची एवं प्रपत्र संख्या-6 के आधार पर कृषकों को रू 05 हजार मूल्य पर ईनामी कूपन निर्गत कर मासिक, त्रैमासिक एवं छ:माही ड्रा द्वारा उपहार दिये जाने की व्यवस्था लागू है।
कार्यक्रम विषयक जानकारी देते हुए सचिव मंडी बबलू कुमार ने बताया कि आज मण्डी परिषद उ०प्र० द्वारा संचालित योजना मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अन्तर्गत 16 मार्च 2023 एवं 25 नवम्बर 2025 में कराये गये लकी ड्रा में चयनित किसान भाइयों को सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा, विधायक गरौठा जवाहरलाल राजपूत के कर-कमलों से सम्बन्धित किसान भाइयों को उपहार वितरण किये गये।
कार्यक्रम में उपहार प्राप्त करने वाले कृषकों ने कहा कि सरकार की योजनाओं से किसानों को बिना किसी भेदभाव के लाभ मिल रहा है और उनकी मेहनत का सही फल मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान कार्यक्रम में जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, उपनिदेशक मंडी संजय कुमार सिंह प्रशासन विपणन मंडी परिषद झांसी संभाग सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में कृषक और परिजन उपस्थित रहे।


