TRENDING TAGS :
Jhansi News: गुंडा टैक्स नहीं दिया तो बस में आग की धमकी, ऑपरेटर्स में दहशत
Jhansi News: झांसी में बस ऑपरेटर्स से खुलेआम गुंडा टैक्स की वसूली, विरोध करने पर कंडक्टरों की पिटाई और बस जलाने की धमकी, पुलिस-आरटीओ पर मिलीभगत के आरोप।
गुंडा टैक्स नहीं दिया तो बस में आग की धमकी, ऑपरेटर्स में दहशत (Photo- Social Media)
Jhansi News: झांसी। योगी बाबा की सरकार में कभी बदमाशों में खौफ रहता था मगर अब खौफ कम होते नजर आ रहा है। इसमें पुलिस व आरटीओ विभाग की मिलीभगत से गुंडा टैक्स वसूल किया जा रहा है। गुंडा टैक्स न देने पर बस में आग लगाने की धमकियां दी जा रही है। यही नहीं, दतिया-समथर बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन पूर्व में कइयों बार गुंडा टैक्स वसूल करने वाले लोगों के खिलाफ शिकायती पत्र दे चुका है मगर अब तक कार्रवाई नहीं की है। इस मामले को प्रदेश के मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया है।
शहर की यातायात पुलिस वाकई बहुत विजी है। उसके पास करने को इतने अधिक काम है कि चौक चौराहों की ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए समय निकालना बहुत मुश्किल हो जाता है, लेकिन शहर की सीमा में प्रवेश करने वाली तमाम गाड़ियों से चक्का टैक्स की तरह एंट्री वसूली अभी भी बिना रोक टोक के जारी है। बालू से भरी गाड़ियों पर यातायात पुलिस और थानों की पुलिस विशेष रुप से मेहरवान है। इन गाड़ियों को रोक कर दिया जाने वाला एक विशेष तरह का सम्मान आज भी बदस्तूर जारी है। जिस थाना अथवा चौकी क्षेत्र से बालू को गाड़ियां नहीं निकलती यहां तैनात पुलिसकर्मी और अफसर अपने आप को बिदकिस्मत मानते है।
बताते हैं कि झांसी पुलिस एक ओर तो एंट्री वसूलने में कोई कोताही नहीं बरती, वहीं, नो एंट्री में गाड़ियों को एंट्री के अलग से पैसे लिए जाने का सिलसिला भी जारी है। झांसी की यातायात पुलिस ने नो एंट्री के शहर में लगे सभी बोर्ड या तो उखाड़ कर फेंक दिए हैं या फिर अगर बोर्ड लगे भी हैं तो उनका कोई मतलब नहीं है। झांसी में कोई भी यह नहीं बता सकता कि यहां कौन-कौन से रास्तों में कितने बजे से कितने बजे तक के लिए नो एंट्री है......? नो एंट्री में एंट्री के लिए यातायात पुलिस को भेंट चढ़ावा चढ़ाकर रोज बड़ी संख्या में गाड़ियां आवासीय क्षेत्रों की सड़कों में धड़ल्ले से आती जाती देखी जा सकती है।
शिकायत की तो कंडेक्टरों को बंधक बनाकर पीटेंगे
गुंडा टैक्स वसूल करने वाले व्यक्तियों ने बस ऑपरेटर्सो को धमकी दी है कि अगर उनकी शिकायतकी तो कंडेक्टरों को गांव में रोककर बंधक बनाकर पीटेंगे। बीते रोज एक कंडेक्टर की पिटाई कर दी थी। इसकी सूचना सीपरी बाजार पुलिस से भी की थी मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि उक्त व्यक्ति बिना परमिट के अपने वाहन चला रहा है। इस कारण वह बस ऑपरेटर्सों को धमकी देकर गुंडा टैक्स वसूल कर रहा है।
प्रत्येक बसों से की जाती है जबरन अवैध वसूली
दतिया - समथर बस ऑपरेटर्स एसोसियेशन ने आईजी/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देते हुए बताया था कि प्राइवेट बसें परमिट के आधार पर झांसी से दतिया, ग्वालियर की ओर संचालित होती है। बीकेडी चौराहा पर करारी निवासी एक युवक उनकी बसों से प्रतिदिन 50 से 100 रुपया परिचालकों से जबरन अवैध वसूली करता है। यह अवांछनीय गुंडा तत्व खुले आम वसूली करते हैं। शिकायती पत्र में कहा है कि उपरोक्त अपराधिक प्रवर्ति के व्यक्ति हैं। बसों के स्टॉफ को मारने की धमकी देकर एवं बसों को क्षतिग्रस्त करने की धमकी देकर जबरन अवैध वसूली करते हैं, जिससे बस स्टॉफ में भय व्याप्त बना हुआ है। इनके द्वारा महिला यात्रियों एवं वृद्ध यात्रियों को भी आपत्ति जनक व्यवहार भी किया जाता है जिससे वातावरण दूषित हो रहा है। शिकायती पत्र के माध्यम से एेसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


