Jhansi News : पकड़े गए 2,334 बिना टिकट, वसूला गया बीस लाख जुर्माना

Jhansi News ; झांसी रेल मंडल के विशेष अभियान में 2,334 बिना टिकट यात्री पकड़े गए, करीब 20 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया

Gaurav kushwaha
Published on: 31 May 2026 8:01 PM IST
Jhansi News : पकड़े गए 2,334 बिना टिकट, वसूला गया बीस लाख जुर्माना
X

Jhansi News : मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में 30 मई 2026 को झांसी रेल मंडल के समस्त प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध विशेष किलेबंदी जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के अंतर्गत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, बांदा, उरई, चित्रकूट धाम कर्वी, ललितपुर, खजुराहो, मुरैना एवं महोबा सहित मंडल के अन्य छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर व्यापक एवं सघन जांच की गई। सभी स्टेशनों के प्रवेश एवं निकास द्वारों पर टिकट जांच स्टाफ के साथ रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों को तैनात किया गया, जिससे बिना वैध टिकट किसी भी व्यक्ति को स्टेशन परिसर में प्रवेश अथवा निकास की अनुमति नहीं दी गई।

विशेष अभियान के दौरान प्लेटफार्मों के अतिरिक्त मंडल से होकर गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों के आरक्षित, अनारक्षित, महिला तथा दिव्यांग कोचों में भी गहन टिकट जांच की गई। अभियान की व्यापकता एवं प्रभावी कार्रवाई के कारण बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप की स्थिति रही।

इस विशेष किलेबंदी अभियान के दौरान कुल 2,334 बिना टिकट, अनियमित यात्रा एवं गंदगी फैलाने के मामलों में कार्रवाई करते हुए 19,72,138 का जुर्माना वसूल किया गया। इस कार्रवाई से रेलवे राजस्व की सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। झांसी मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा तथा रेलवे राजस्व संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। यात्रियों से अपील की जाती है कि वे सदैव वैध यात्रा टिकट लेकर यात्रा करें तथा रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें। भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।

इस अभियान में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहर लाल मीणा, राजीव शर्मा, अशोक त्रिपाठी, विनय शंकर श्रीवास्तव, संजय सोनकर, प्रदीप श्रीवास, रामकेश मीणा, ज्ञान सिंह, अविनाश कैरोसिया, अमित गुप्ता, जितेंद्र वर्मा, महेंद्र सिंह पटेल, रूपेंद्र कुमार, सरफराज अहमद एवं साकेत यादव सहित टिकट जांच स्टाफ, आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

Gaurav kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav kushwaha

Next Story