TRENDING TAGS :
Jhansi News: झांसी के कटेरा राजकीय डिग्री कॉलेज में नए सत्र के प्रवेश शुरू, 420 सीटों पर होंगे दाखिल
Jhansi News: झांसी के कटेरा राजकीय डिग्री कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए पाठ्यक्रम की 420 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।
Jhansi News(Photo-Social Media)
Jhansi News: झांसी जिले के कटेरा क्षेत्र में संचालित राजकीय डिग्री कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह कॉलेज बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के सैटेलाइट कैंपस यानी संघटक महाविद्यालय के रूप में संचालित किया जा रहा है। योगी सरकार की इस विशेष पहल का उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके घर के पास ही विश्वविद्यालय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराना है। राजकीय डिग्री कॉलेज में पहला शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शुरू किया गया था और अब दूसरे सत्र के लिए छात्रों से आवेदन लिए जा रहे हैं। वर्तमान में यहां बीए का पाठ्यक्रम संचालित हो रहा है, जबकि भविष्य में विज्ञान और वाणिज्य संकाय की पढ़ाई भी शुरू करने की योजना है।
ग्रामीण विद्यार्थियों को मिल रही उच्च शिक्षा की सुविधा
कटेरा जैसे दूरस्थ क्षेत्र में विश्वविद्यालय स्तर की शिक्षा उपलब्ध होने से आसपास के गांवों और कस्बों के विद्यार्थियों को काफी राहत मिली है। पहले छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल रही हैं। कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया, शिक्षकों की नियुक्ति और शिक्षण व्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी तरह बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है।
बीए के सात विषयों में होंगे प्रवेश
वर्तमान शैक्षणिक सत्र में बीए पाठ्यक्रम के तहत कुल 420 सीटों पर प्रवेश किए जाएंगे। कॉलेज में गृह विज्ञान, भूगोल, इतिहास, हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र और शिक्षा शास्त्र जैसे सात विषयों की पढ़ाई कराई जा रही है। कॉलेज में नियुक्त शिक्षक नेट क्वालीफाइड हैं, जिससे छात्रों को उच्च स्तर की शिक्षा मिल रही है। साथ ही कम्प्यूटर ऑपरेटर, अकाउंटेंट, क्लर्क, गार्ड और स्वीपर जैसे पदों पर स्थानीय लोगों को मानदेय के आधार पर रोजगार भी दिया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है कॉलेज परिसर
कटेरा राजकीय डिग्री कॉलेज में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां आधुनिक प्रयोगशाला, समृद्ध पुस्तकालय, निशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण, फ्री वाई-फाई और सामान्य ज्ञान की विशेष कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा छात्रों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ भी दिया जा रहा है। कॉलेज परिसर में खेलकूद गतिविधियों के लिए स्टेडियम की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
कॉलेज प्रशासन द्वारा आसपास के इंटर कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को कॉलेज की सुविधाओं और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जा रही है। कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सक्सेना ने बताया कि रेडियो रिक्शा के माध्यम से भी गांव-गांव जाकर प्रचार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता दी जा रही है और समय-समय पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के शिक्षकों को विशेष व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया जाता है।
योगी सरकार की शिक्षा क्षेत्र में अहम पहल
योगी सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में ऐसे सैटेलाइट कैंपस ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे और छात्रों को शहरों की ओर पलायन करने की जरूरत कम होगी।


