TRENDING TAGS :
Jhansi News: जिले को मिलेंगे 790 नए सिपाही, 26 अप्रैल को होगी पासिंग आउट परेड
Jhansi News: झांसी में 26 अप्रैल को पासिंग आउट परेड के बाद 790 नए सिपाही मिलेंगे, जिनमें पुरुष व महिला दोनों शामिल हैं और 27 अप्रैल से थानों में तैनाती शुरू होगी।
जिले को मिलेंगे 790 नए सिपाही, 26 अप्रैल को होगी पासिंग आउट परेड (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। जनपद की कानून व्यवस्था को सशक्त करने के लिए आगामी 26 अप्रैल को पुलिस विभाग को बड़ा शक्ति विस्तार होने जा रहा है। जिला पुलिस लाइन व पीएसी मैदान में होने वाली भव्य पासिंग आउट परेड के बाद जिला पुलिस को 790 नए सिपाही मिल जाएंगे। इनमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों के प्रशिक्षित जवान शामिल हैं,जो 27 अप्रैल से जिले के थानों में कमाल संभालेंगे।
विभिन्न केंद्रों में ट्रेनिंग ले रहे रंगरुटों की संयुक्त 790 है। इसमें 563 पुरुष सिपाही पीएसी व 55 सिपाही ललितपुर में ही कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, कुल 600 महिला सिपाही झांसी के पुलिस लाइन में ट्रेनिंग पूरी कर रही है। इनमें से 172 महिला सिपाही झांसी को मिल जाएगी। जबकि शेष महिला सिपाहियों को कन्नौज,कानपुर देहात,औरैया,ललितपुर,जालौन भेजा जाएगा। 26 अप्रैल को दीक्षांत समारोह के बाद ये सभी 790 जवान जनपद की पुलिसिंग का हिस्सा बन जाएंगे।
एडीजी कानपुर जोन व कमिश्नर होंगे मुख्य अतिथि
26 अप्रैल को होने वाले झांसी पुलिस लाइन के कार्यक्रम के लिए एडीजी आलोक कुमार और पीएसी मैदान में होने वाले कार्यक्रम में कमिश्नर विमल कुमार दुबे मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद रहेंगे। शुक्रवार को पुलिस लाइन व पीएसी के परेड मैदान पर फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। विभाग ने एक सिपाही के साथ उसके परिवार के केवल दो सदस्यों को ही कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दी है।
पासिंग आउट परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल,एसएसपी व पीएसी कमांडेंट ने परखी तैयारियां
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बीबीजीटीएस मूर्ति द्वारा पुलिस लाइन में महिला रिक्रूट आरक्षियों की आगामी 26 अप्रैल 2026 को फाइनल परेड के दृष्टिगत चल रही रिहर्सल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने परेड की तैयारी, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह को गरिमामय और भव्य तरीके से आयोजित किया जाए ताकि प्रशिक्षु आरक्षियोंके लिए यह दिन यादगार बन सके।
प्रशिक्षुओं के उत्साह और अनुशासन की सराहना
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने प्रशिक्षु आरक्षियों केउत्साह,अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को ईमानदारी,निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा की और कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना पुलिस का प्रमुख दायित्व है।
पासिंग परेड की गई रिहर्सल
33 वीं वाहिनी पीएसी, झांसी में प्रशिक्षु नागरिक पुलिस के 586 आरक्षियों की पासिंग आउट परेड की ग्रैंड रिहर्सल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा (IPS) की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। उक्त बैंड रिहर्सल का आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ। समस्त प्रशिक्षु आरक्षियों द्वारा उच्च स्तर की समन्वय, अनुशासन एवं दक्षता का प्रदर्शन किया गया, जो प्रशिक्षण की गुणवत्ता को परिलक्षित करता है। इस अवसर पर आरटीसी प्रभारी, सूबेदार मेजर धर्मराज सिंह भदौरिया, मीडिया सेल प्रभारी मनोज शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रोटेशन के आधार पर होगी तैनाती
27 अप्रैल को जिले के थानों में इन सभी की आमद दर्ज होगी। अधिकारियों ने योजना बनाई है कि कुल संख्या की आधी फोर्स को शहर और आधी को देहात के थानों में तैनात किया जाएगा। तीन महीने के कार्यकाल के बाद इनकी कार्यप्रणाली के आधार पर शहर से देहात और देहात से शहर में स्थानांतरण(रोटेशन) किया जाएगा।
--------------------


