Jhansi News: 29608 पद सरेंडर के खिलाफ रेल कर्मचारियों का विरोध, रेलवे बोर्ड को ज्ञापन सौंपा

Jhansi News: झांसी में रेलवे कर्मचारियों ने 29608 पद सरेंडर करने के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया। रेलवे बोर्ड को ज्ञापन सौंपकर निर्णय वापस लेने की मांग की गई।

Gaurav Kushwaha
Published on: 22 May 2026 3:31 PM IST
Jhansi News
X

Jhansi News(Photo-Social Media)

Jhansi News: भारतीय रेलवे मजदूर संघ के आह्वान पर रेलवे बोर्ड द्वारा 29608 पद सरेंडर करने के फैसले के विरोध में देशव्यापी विरोध पखवाड़ा 15 मई 2026 से 29 मई 2026 तक चलाया जा रहा है। इसी क्रम में झांसी में उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के कारखाना मंडल अध्यक्ष संजीव वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और रैली निकालकर मुख्य कारखाना प्रबंधक के माध्यम से अध्यक्ष रेलवे बोर्ड को ज्ञापन सौंपा।

कर्मचारियों का कहना है कि रेलवे बोर्ड द्वारा 24 अप्रैल 2026 को 29608 पदों को सरेंडर करने का आदेश जारी किया गया है, जबकि दूसरी ओर हजारों पदों पर रि-इंगेजमेंट पॉलिसी के तहत सेवानिवृत्त कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मियों की भर्ती की जा रही है। कर्मचारियों ने इसे विरोधाभासी नीति बताते हुए कहा कि इससे युवाओं की नौकरी और कर्मचारियों का भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

रेल विस्तार के बावजूद पदों में कटौती पर नाराजगी

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि रेलवे में लगातार विस्तार हो रहा है। नई रेल लाइनें, ट्रेनें, स्टेशन और कारखानों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद पदों का सृजन करने के बजाय उन्हें सरेंडर किया जा रहा है। कर्मचारियों ने इसे सरकार की दोहरी नीति बताया, जिससे नौकरी के अवसर घट रहे हैं।

रैली में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल

इस विरोध रैली में जोनल अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा, मंडल उपाध्यक्ष संतोष राठौर, संगठन मंत्री विवेक कुणाल, शाखा अध्यक्ष सर्वेश कुमार सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर रेलवे बोर्ड के निर्णय के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। कारखाना मंडल मंत्री दयानिधि मिश्रा ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही।

Gaurav Kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav Kushwaha

Next Story