Jhansi News: बिजली शॉर्ट सर्किट से भूसा से भरे घरों में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी के चिरगांव क्षेत्र के ग्राम बरल में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भूसा से भरे दो घरों में भीषण आग लग गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

Gaurav Kushwaha
Published on: 18 May 2026 12:08 PM IST
Jhansi News
X

Jhansi News

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के चिरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरल में बिजली शॉर्ट सर्किट के चलते भूसा से भरे दो घरों में भीषण आग लग गई। आग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद ग्रामीणों की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बैरल निवासी मातादीन पुत्र जालिम उम्र करीब 80 वर्ष एवं मेहरबान पुत्र जालिम उम्र करीब 70 वर्ष के भूसा से भरे घरों में अचानक आग लग गई। परिजनों ने बताया कि मोहल्ले की एक बुजुर्ग महिला ने उन्हें आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अपने दूसरे मकान से घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।

वहीं आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर कड़ी मेहनत के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि यदि समय रहते ग्रामीण आग पर नियंत्रण नहीं करते तो पूरा गांव इसकी चपेट में आ सकता था। वहीं घटना की सूचना परिजनों के रिश्तेदार आलोक राजपूत द्वारा डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

परिजनों के अनुसार आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की इस घटना में भूसा सहित घरेलू सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है। वहीं पीड़ित परिवारों ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की है।

Gaurav Kushwaha
ABOUT THE AUTHOR

Gaurav Kushwaha

Next Story