TRENDING TAGS :
Kanpur Dehat News: जिला अस्पताल में आउटसोर्सिंग कर्मियों ने खोला मोर्चा, वेतन के लिए धरने पर बैठे
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात जिला अस्पताल में आउटसोर्सिंग कर्मियों ने बकाया वेतन की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
Kanpur Dehat News(Photo-Social Media)
Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद स्थित, कानपुर देहात जिला अस्पताल (माती) में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब सैकड़ों की संख्या में आउटसोर्सिंग कर्मियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। लंबे समय से वेतन न मिलने और अपनी अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी काम बंद कर इमरजेंसी गेट के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।
समय पर वेतन न मिलने के आरोप
यहां कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। साथ ही अन्य विभागीय मांगों को लेकर भी नाराजगी जताई गई।
वहीं इस प्रदर्शन के कारण अस्पताल की ओपीडी (OPD), लैब टेस्ट, पर्चा काउंटर और अन्य प्रशासनिक सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं।यहां दूर-दराज से आए मरीजों को पर्चा बनवाने और जांच कराने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। लैब बंद होने से गंभीर मरीजों की जांचें भी लटक गई हैं।
यहां आंदोलित कर्मचारी मुख्य गेट पर ही दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए हैं और जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक ठोस आश्वासन और वेतन भुगतान नहीं होता, प्रदर्शन जारी रहेगा।
अस्पताल प्रशासन की स्थिति
वहीं हड़ताल के चलते अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। हालांकि, प्रशासन कर्मियों को समझाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं ताकि मरीजों को कम से कम असुविधा हो। वहीं आंदोलनकारियों का कहना है कि, “हमें महीनों से वेतन नहीं मिला है। बार-बार आश्वासन दिया जाता है लेकिन नतीजा शून्य रहता है। जब तक हमारा हक नहीं मिलेगा, काम शुरू नहीं होगा।"


