Kanpur News: कानपुर में फर्जी विरासत से 18 वर्षीय बेटी की 6 बीघा जमीन हड़पी, लेखपालों पर गंभीर आरोप

Kanpur News: कानपुर देहात के सिकंदरा तहसील क्षेत्र में फर्जी विरासत रिपोर्ट के जरिए 18 वर्षीय युवती की 6 बीघा जमीन हड़पने का मामला सामने आया है।

Manoj Singh
Published on: 1 Jun 2026 6:21 PM IST
Kanpur News: कानपुर में फर्जी विरासत से 18 वर्षीय बेटी की 6 बीघा जमीन हड़पी, लेखपालों पर गंभीर आरोप
X

Kanpur News

Kanpur News: तहसील क्षेत्र के राजस्व ग्राम मोहम्मदपुर निवादा से जालसाजी और भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 18 वर्षीय अविवाहित युवती की फर्जी शादी दिखाकर उसकी सौतेली मां ने क्षेत्रीय लेखपालों के साथ मिलकर उसकी 6 बीघा पैतृक जमीन अपने नाम करा ली। पीड़िता ने अपने ताऊ के साथ सिकंदरा तहसील पहुंचकर एसडीएम से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

पिता की मौत के बाद रची गई साजिश

पीड़ित महिमा कटियार (18 वर्ष) ने बताया कि 17 अप्रैल 2026 को उसके पिता नितिन कुमार की मृत्यु हो गई थी। पिता की मृत्यु के बाद महिमा के बड़े पिताजी (ताऊ) जितेंद्र कुमार ने नियमानुसार नितिन की दूसरी पत्नी (सौतेली मां) सिमांकी देवी और बेटी महिमा के नाम संयुक्त रूप से जमीन दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन विरासत दर्ज कराई थी। नितिन कुमार के नाम कुल 12 बीघा जमीन थी, जिसमें से नियमानुसार 6-6 बीघा जमीन दोनों के नाम होनी थी।

खतौनी देख उड़े होश, लेखपालों की भूमिका संदिग्ध

काफी समय बीतने के बाद जब जितेंद्र कुमार ने तहसील पहुंचकर स्टेटस जांचा और खतौनी निकाली, तो उनके होश उड़ गए। विरासत में महिमा का नाम गायब था और पूरी 12 बीघा जमीन सौतेली मां सिमांकी देवी के नाम दर्ज हो चुकी थी।जब इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल आदेश शर्मा और गणेश शंकर से बात की गई, तो उन्होंने अजीबोगरीब दलील दी। लेखपालों ने कहा कि गांव में जांच के दौरान लोगों ने बताया कि महिमा की शादी हो चुकी है और वह ससुराल चली गई है। आरोप है कि लेखपालों ने सिमांकी देवी और गांव के ही एक युवक शैलेंद्र (पुत्र गिरजा शंकर) के साथ सांठगांठ कर एक फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट तैयार किया। इसके बाद महिमा की ‘असहमति रिपोर्ट’ लगाकर उसके हिस्से की जमीन भी सौतेली मां के नाम ट्रांसफर कर दी गई। हैरान करने वाली बात यह है कि निसंतान सौतेली मां सिमांकी देवी के भाई अब पीड़ित महिमा को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

एसडीएम ने लेखपाल को लगाई फटकार, दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सिकंदरा प्रद्युम्न कुमार ने तत्काल संबंधित लेखपाल को तलब कर कड़ी फटकार लगाई। एसडीएम ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए नायब तहसीलदार को पूरी घटना की विस्तृत जांच सौंपी है। एसडीएम सिकंदरा प्रद्युम्न कुमार ने कहा,"मामला संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होता है। नायब तहसीलदार को निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।"खतौनी में हुए इस बड़े फर्जीवाड़े के बाद राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह है कि पीड़ित महिमा को उसकी जमीन कब तक वापस मिलती है और दोषी लेखपालों पर क्या कार्रवाई होती है।

Manoj Singh
ABOUT THE AUTHOR

Manoj Singh

Next Story