TRENDING TAGS :
Kanpur News: बकरी चराने गई 11 साल की बच्ची का शव खेत में मिला, गांव में मचा कोहराम
Kanpur News: कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में 11 साल की बच्ची बकरी चराने गई थी, शव खेत में गड़ा मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Kanpur News(Photo-Social Media)
Kanpur News: बिधनू थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बिधनू के कठेरुआ कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की 11 वर्षीय बेटी घर के पीछे बकरियां चराने गई थी, लेकिन शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों में चिंता की लहर दौड़ गई। आसपास के गांवों में खोजबीन की गई, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। हैरानी की बात यह रही कि बकरियां वहीं चरती हुई मिलीं, लेकिन बच्ची गायब थी।
रात भर परिजन रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ तलाश करते रहे, मगर कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन मंगलवार को करीब 300 मीटर दूर माधौपुरवा गांव में गणेश आर्या के खेत में बच्ची का शव मिट्टी में गड़ा हुआ मिला। शव में बच्ची का एक हाथ बाहर दिखाई दे रहा था। यह दृश्य देखते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिलख पड़े। उन्होंने खेत मालिक पर हत्या और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में तनाव और सनसनी फैल गई।
मौके पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी, बिधनू थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि परिजनों की तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
यह घटना पूरे इलाके में सख्त सुरक्षा और सतर्कता की मांग कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


