Kanpur Metro: आमने-सामने आ गईं दो मेट्रो ट्रेनें, मच गया हड़कंप

Kanpur Metro: कानपुर मेट्रो के नए रूट पर ट्रायल के दौरान दो ट्रेनें आमने-सामने आ गईं। हालांकि, यह अत्याधुनिक CBTC सिग्नल सिस्टम को परखने के लिए किया गया एक 'कोलिजन टेस्ट' था, जो पूरी तरह सफल रहा।

Shivam Shrivastava
Published on: 27 May 2026 5:53 PM IST
Kanpur Metro: आमने-सामने आ गईं दो मेट्रो ट्रेनें, मच गया हड़कंप
X

Kanpur Metro: कानपुर में आज नए मेट्रो रूट के ट्रायल के दौरान उस समय सबकी सांसें थम गईं, जब दो मेट्रो ट्रेनें आमने-सामने आ गईं। केवल 20 मीटर पहले दोनों ट्रेनें ऑटोमेटिक सिस्टम के जरिए रुक गईं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। दरअसल, यह एक कोलिजन टेस्ट था, जिसकी जानकारी वहां मौजूद कई लोगों को नहीं थी। इसलिए अचानक दो ट्रेनों को आमने-सामने आते देख लोगों की सांसें अटक गईं।

बता दें कि कानपुर मेट्रो के नए रूट पर स्वचालित ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम के तहत पहले भी कई सफल परीक्षण किए जा चुके हैं। मंगलवार को एक मेट्रो ट्रेन कानपुर सेंट्रल से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर बढ़ रही थी। उसी समय दूसरी ट्रेन ट्रांसपोर्ट नगर की दिशा से उसी रफ्तार में सामने आती दिखाई दी।

जब दोनों ट्रेनों के बीच केवल 20 मीटर की दूरी बची, तभी ऑटोमेटिक ब्रेकिंग सिस्टम सक्रिय हो गया और दोनों ट्रेनें अपने आप रुक गईं। पूरा परीक्षण कॉरिडोर-1 के कानपुर सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक किया गया। इस दौरान मेट्रो के आला अधिकारी भी मौजूद थे।

यह पूरा टेस्ट कानपुर मेट्रो की अत्याधुनिक कम्युनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (CBTC) सिग्नल सिस्टम और ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन (ATO) मोड की विश्वसनीयता परखने के लिए किया गया था।

यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि टक्कर जैसी स्थिति जानबूझकर बनाई गई थी, ताकि यह देखा जा सके कि आपात स्थिति में ट्रेन का सुरक्षा तंत्र कितनी तेजी और सटीकता से काम करता है।

उन्होंने आगे बताया कि निर्धारित दूरी पर पहुंचते ही दोनों ट्रेनों का ऑटोमेटिक ब्रेकिंग सिस्टम सक्रिय हो गया और ट्रेनें सुरक्षित दूरी पर रुक गईं। इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार पर हाई-स्पीड और स्पीड ब्रेक टेस्ट भी पूरी तरह सफल रहे। इसके अलावा पूरे रूट का विदेशी एजेंसी से स्वतंत्र सुरक्षा मूल्यांकन भी कराया गया, जिसमें सिग्नलिंग और सुरक्षा मानकों को संतोषजनक पाया गया है।

बता दें कि कानपुर मेट्रो के नए रूट पर कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा जल्द शुरू होने वाली है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार नए परीक्षण किए जा रहे हैं।

Shivam Shrivastava
ABOUT THE AUTHOR

Shivam Shrivastava

शिवम उत्तर प्रदेश के एक युवा और उभरते पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 4 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। वे राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और हाइपरलोकल खबरों की गहरी समझ रखते हैं और समसामयिक मुद्दों पर सटीक व प्रभावशाली रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उनकी विशेष रुचि डाटा-ड्रिवन पत्रकारिता और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग में है, जिससे उनकी खबरें अधिक तथ्यात्मक और विश्वसनीय बनती हैं। वे जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग के साथ-साथ डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप को भी समझते हैं। लेखन और रिसर्च में उनकी मजबूत पकड़ उन्हें एक सक्षम और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में स्थापित करती है।

Next Story