Kasganj News: कासगंज में आंबेडकर शोभायात्रा पर पथराव, हालात तनावपूर्ण

Kasganj News: कासगंज के सहावर क्षेत्र में आंबेडकर शोभायात्रा के दौरान पथराव से तनाव बढ़ा, एक पुलिसकर्मी घायल, पुलिस ने बल प्रयोग कर हालात संभाले।

Ajay Chauhan
Published on: 14 April 2026 9:43 PM IST
Pathrao, situation tense at Ambedkar procession in Kasganj
X

कासगंज में आंबेडकर शोभायात्रा पर पथराव, हालात तनावपूर्ण (Photo- Newstrack)

Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में डॉ. भीमराव आंबेडकर की शोभायात्रा के दौरान बड़ा विवाद सामने आया। सहावर थाना क्षेत्र के चहका गुनार गांव में शोभायात्रा जैसे ही एक विशेष समुदाय के इलाके से गुजरी, अचानक पथराव शुरू हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभायात्रा पहले से प्रशासन की अनुमति लेकर निकाली जा रही थी। लेकिन एक मोहल्ले में पहुंचते ही कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और करीब एक घंटे तक पथराव चलता रहा।

पुलिस ने संभाली स्थिति, एक सिपाही घायल

घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी भी पत्थर लगने से घायल हो गया। हालात बिगड़ते देख लोगों ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रास्ता जाम कर दिया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मौके पर डीएम प्रणय सिंह और एसपी ओमप्रकाश सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद प्रशासन की निगरानी में शोभायात्रा को दोबारा शुरू कराया गया और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया गया।

कासगंज हिंसा की वजह और प्रशासन की कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार, जनपद में करीब 50 शोभायात्राएं निकाली जा रही थीं और सभी जगह सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। गुनार गांव में हुई इस घटना के बाद एक महिला समेत करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।

इलाके में सुरक्षा बढ़ी, हालात नियंत्रण में

घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Ajay Chauhan
ABOUT THE AUTHOR

Ajay Chauhan

Ajay Chauhan - Newstrack Reporter (District - Kasganj) To be honest with my work and organization whomsoever I join my ambition to make my self progress and my organization in each step of life.

Next Story