TRENDING TAGS :
Kasganj News: पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, मेडिकल कॉलेज रेफर
Kasganj News : कासगंज के सोरों क्षेत्र स्थित पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, सभी को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
Kasganj Firecracker Factory Fire
Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
यह घटना सोरों थाना क्षेत्र के उड़ेरपुर पुख्ता और नगला पटिया के पास जंगल में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुई। जानकारी के अनुसार रमेश पुत्र रामेश्वर दयाल मौर्य द्वारा संचालित चारदीवारी और टीन शेड से बनी पटाखा फैक्ट्री में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में रेहान पुत्र इकबाल (19 वर्ष), मोनू पुत्र विक्रम सिंह (21 वर्ष), सुनील पुत्र करण सिंह (18 वर्ष) और अजय पुत्र जयपाल (22 वर्ष) निवासी नगला पटिया थाना सोरों गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए निजी अस्पताल रतन दुलारे अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पांचों मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
उधर सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।पुलिस प्रशासन के अनुसार घटना के बाद क्षेत्र में किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या नहीं है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की निगरानी की जा रही है और घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


