TRENDING TAGS :
Kasganj News: कासगंज में बिजली विभाग पर गिरी गाज, ऊर्जा मंत्री ने दिए सख्त आदेश
Kasganj News: कासगंज में ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें बिजली आपूर्ति, भ्रष्टाचार, शिकायत निवारण और पीएम सूर्य घर योजना पर अहम निर्देश दिए गए।
Kasganj News: कासगंज जनपद मैं पहली बार पहुंचे राज्य मंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग कैलाश सिंह राजपूत की अध्यक्षता में जनपद कासगंज में विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी प्रणय सिंह की उपस्थिति में विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता समस्याओं तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन कर्मचारियों द्वारा कार्यों का निर्वहन संतोषजनक ढंग से नहीं किया जा रहा है, उनकी सूची एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा सके। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के फोन अवश्य उठाए जाएं तथा उनके द्वारा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में राज्य मंत्री ने कहा कि विजिलेंस टीम निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करे तथा अब तक दर्ज कराए गए मुकदमों की सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्युत विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जनपद में अवैध वसूली की शिकायतों पर गंभीरता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी उपभोक्ता का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
राज्य मंत्री ने विद्युत सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए 11 हजार वोल्ट की लाइनों को आवश्यकतानुसार ऊंचा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत दुर्घटनाओं से प्रभावित पीड़ित परिवारों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार सहायता राशि समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी पीड़ित परिवार को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इस योजना का लाभ दिलाया जाए।
बैठक में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत ने अपने विधानसभा क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा उनके समाधान की मांग की। वहीं अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा ने भी अपने क्षेत्र से संबंधित विद्युत समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री जी ने अधिकारियों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं
इस अवसर पर सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, ब्लॉक प्रमुख कासगंज कृष्णा राजपूत सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


