Kasganj News: परशुराम जयंती पर हवन-यज्ञ, नीरज शर्मा बोले—सनातन की रक्षा सभी वर्गों की जिम्मेदारी

Kasganj News: कासगंज में भगवान परशुराम जयंती पर हवन-यज्ञ और भंडारे का आयोजन हुआ। भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा ने सनातन धर्म की रक्षा और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

Ajay Chauhan
Published on: 19 April 2026 6:36 PM IST
Kasganj News: परशुराम जयंती पर हवन-यज्ञ, नीरज शर्मा बोले—सनातन की रक्षा सभी वर्गों की जिम्मेदारी
X

Kasganj News: जनपद में भगवान परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशाल हवन-यज्ञ और भंडारे का आयोजन किया गया। आचार्यों के पावन सानिध्य में ब्राह्मण बंधुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना की और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ में आहुतियां देकर समस्त मानव जाति के कल्याण की कामना की। कार्यक्रम के दौरान परिसर भगवान परशुराम के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि अक्षय तृतीया पर बुराइयों के अंत और नकारात्मक शक्तियों के नाश के लिए भगवान परशुराम का जन्म हुआ था। सभी को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं और भारतीय संस्कृति में न्याय, धर्म और अटूट साहस के प्रतीक माने जाते हैं। उन्होंने उस समय अवतार लिया जब समाज में अधर्मी, अहंकारी और अत्याचारी शासकों का बोलबाला था और धर्म का ह्रास हो रहा था।

उन्होंने आगे कहा कि आज ब्राह्मण समाज की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। देश में जातीय विभाजन की स्थिति बन रही है, ऐसे में ब्राह्मण समाज को सभी वर्गों को साथ लेकर सनातन धर्म की रक्षा करनी होगी। युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए भी जागरूकता फैलानी होगी, क्योंकि व्यसन न केवल व्यक्ति को बल्कि धर्म और देश को भी नुकसान पहुंचाते हैं।

कासगंज जनपद में अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में जगह-जगह हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। गली पचोरियां स्थित कपिल मुनि धर्मशाला में भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर विशाल हवन का आयोजन किया गया, जिसमें ब्राह्मण समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे जनपद में ब्राह्मण समाज ने हवन-यज्ञ कर भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, विवेक वशिष्ठ उर्फ छोटू भैया, डॉ. अखिलेश सिंह, गौरी शंकर शर्मा, ज्ञान तिवारी, चक्रेश गॉड, दुर्गेश दुबे, डॉ. केडी पांडे, राम प्रकाश मिश्रा, हरिओम शर्मा, महेश चंद शर्मा, राकेश मिश्रा, लोकेश तिवारी, दिवाकर पाराशर, हरीश पाठक, संजय भारद्वाज, प्रवीण पांडे, प्रवीण शर्मा, पंकज मिश्रा, विशाल पांडे, अशोक गॉड, विनय शर्मा, सुरेश चंद शर्मा, मयंक गौतम, शैलेंद्र मिश्रा, पुरुषोत्तम शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Ajay Chauhan
ABOUT THE AUTHOR

Ajay Chauhan

Ajay Chauhan - Newstrack Reporter (District - Kasganj) To be honest with my work and organization whomsoever I join my ambition to make my self progress and my organization in each step of life.

Next Story