TRENDING TAGS :
Kasganj News: कासगंज में खाना बनाते समय महिला संदिग्ध हालात में झुलसी, हालत गंभीर, अलीगढ़ रेफर
Kasganj News: कासगंज के सोरों क्षेत्र में खाना बनाते समय महिला संदिग्ध हालात में आग से झुलसी, 90% जली हालत में अलीगढ़ रेफर।
Kasganj News: जनपद के सोरों कोतवाली क्षेत्र के नगला बगिया गांव में सोमवार को एक 20 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने तुरंत झुलसी हुई महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। महिला लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी है।
सोरों थाना क्षेत्र के गांव बगिया नगला निवासी 22 वर्षीय बब्बू की पत्नी मुस्कान (20) सोमवार दोपहर खाना बनाते समय संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आ गई। परिजनों का कहना है कि वह गैस सिलेंडर पर खाना बना रही थी, तभी सिलेंडर में लीकेज होने के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
रसोई से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर महिला को बचाया। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने महिला की हालत बेहद गंभीर बताते हुए उसे लगभग 90 प्रतिशत झुलसा हुआ घोषित किया है। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ आंचल चौहान और नायब तहसीलदार सुमित यादव जिला अस्पताल पहुंचे और महिला के बयान दर्ज किए। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मुस्कान मूल रूप से चंडीगढ़ की रहने वाली है और उसकी शादी करीब छह महीने पहले बब्बू नाम के युवक से हुई थी। नायब तहसीलदार सुमित यादव ने बताया कि महिला 90 प्रतिशत झुलस चुकी है और उसके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। आवश्यकता पड़ने पर बयान न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।


