Kaushambi News: देर रात आंधी-तूफान का कहर, कच्चा मकान गिरने से मां समेत दो मासूम बच्चों की मौत

Kaushambi News: कौशांबी में देर रात आए आंधी-तूफान ने तबाही मचा दी। कच्चा मकान गिरने से मां समेत दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इलाके में मातम का माहौल।

Ansh Mishra
Published on: 29 May 2026 9:51 AM IST
Kaushambi News
X

Kaushambi News(Photo-Social Media)

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा इलाके में एक गरीब परिवार पर ऐसा कहर टूटा कि पूरा परिवार उजड़ गया। तेज तूफान और बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसके नीचे दबकर एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है।

रात करीब दो बजे हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार और शुक्रवार की देर रात करीब दो बजे हुआ। पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा के वार्ड नंबर 5 गांधी नगर, दूनी तिवारी का पूरा गांव में तेज आंधी और बारिश का दौर चल रहा था। इसी दौरान परिवार जिस कच्चे मकान में रह रहा था, वह अचानक गिर गया। मकान गिरते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत मलबा हटाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक महिला और दो मासूम बच्चों की मौत हो चुकी थी।

एक बच्चा गंभीर रूप से घायल

हादसे में एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए राहत कार्य शुरू कराया। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व विभाग के अधिकारी देर तक मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।

चेयरमैन प्रतिनिधि ने जताई संवेदना

घटना की सूचना मिलने के बाद चेयरमैन प्रतिनिधि संजय सरोज भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के पति से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। तेज आंधी और बारिश के चलते हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव में हर तरफ मातम का माहौल बना हुआ है और लोग इस दर्दनाक घटना से सदमे में हैं।

Ansh Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Ansh Mishra

Next Story