TRENDING TAGS :
Kaushambi News: टेट अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षकों का प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन
Kaushambi News: कौशाम्बी में टेट अनिवार्यता के विरोध में सैकड़ों शिक्षकों ने प्रदर्शन कर केंद्रीय राज्य शिक्षामंत्री का पुतला दहन किया और नियम वापस लेने की मांग की।
Kaushambi News(Photo-Social Media)
Kaushambi News: टेट अनिवार्यता के मुद्दे पर अधिसूचना पूर्व नियुक्त शिक्षकों का विरोध एक बार फिर तेज हो गया है। लोकसभा के प्रश्नकाल में केंद्रीय राज्य शिक्षामंत्री जयंत चौधरी द्वारा दिए गए उत्तर को शिक्षक संगठनों ने निराशाजनक बताते हुए प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चन्द्र शर्मा के नेतृत्व में प्रत्येक जिला मुख्यालय पर विरोध दर्ज कराया गया। इसी क्रम में कौशाम्बी में जिलाध्यक्ष अनिल सिंह की अगुवाई में मंझनपुर चौराहे पर सैकड़ों शिक्षकों ने प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय राज्य शिक्षामंत्री का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि अधिसूचना पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टेट अनिवार्यता लागू करना अन्यायपूर्ण है। उनका तर्क है कि नियुक्ति के समय जो अर्हताएं निर्धारित थीं, उन्हें पूर्ण करने के बाद सेवा में आए शिक्षकों पर नई शर्तें थोपना न्याय और विधि के सिद्धांतों के विपरीत है।जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि यह निर्णय संविधान में प्रदत्त समानता के अधिकार के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से शिक्षक हितों का सम्मान करते हुए टेट अनिवार्यता का प्रावधान वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन में जिलामंत्री रामबाबू दिवाकर, ईश्वर शरण सिंह, भोलानाथ चौधरी, विनय सिंह, अशोक द्विवेदी, आलोक सोनी, अरुण गोविल सिंह, विनोद सिंह, अफरोज आलम, अतमम अली, रहमत अली और भीम प्रकाश सहित जनपद के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


