Kushinagar News: अधिमास के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Kushinagar News: : कुशीनगर में अधिमास के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से मंदिरों में लंबी कतारें लगी रहीं।

Mohan Suryavanshi
Published on: 25 May 2026 12:34 PM IST
Kushinagar News
X

Kushinagar News(Photo-Social Media)

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में अधिमास के दूसरे सोमवार को जनपद के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तगण भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से शिवालयों का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

अधिमास में भगवान शिव की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस माह में श्रद्धा भाव से भगवान भोलेनाथ की आराधना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इसी आस्था के चलते सोमवार को सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

रामकोला क्षेत्र स्थित अमवा शिव मंदिर, प्रसिद्ध कुबेर स्थान मंदिर तथा तमकुही के शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। मंदिरों में भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया। कई स्थानों पर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मंदिर परिसरों के आसपास मेले जैसा माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और मंदिर समिति के सदस्य भी सक्रिय नजर आए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल एवं छाया की व्यवस्था भी की गई थी। यहां पूरे दिन शिवालयों में पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जिससे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

Mohan Suryavanshi
ABOUT THE AUTHOR

Mohan Suryavanshi

Next Story