TRENDING TAGS :
Kushinagar News : ईंट भट्ठे के जलभराव गड्ढे में डूबने से तीन मासूमों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Kushinagar News :कुशीनगर के ईंट भट्ठे पर पानी भरे गड्ढे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, इलाके में मातम।
Child drowning case In Kushinagar
Kushinagar News : कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र के मैनपुर ग्रामसभा के दिनापट्टी स्थित पंकज ईंट उद्योग भट्ठे पर एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की जलभराव वाले गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों में दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।बताया जा रहा है कि ईंट भट्ठे पर कार्य करने वाले मजदूरों के बच्चे खेलते-खेलते भट्ठे के पास मिट्टी खनन से बने पानी भरे गहरे गड्ढे के करीब पहुंच गए।
इसी दौरान तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों और मजदूरों ने तत्काल बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे में मृत बच्चों की पहचान 2.5 वर्षीय अनुष्का, 3 वर्षीय अभय पटेल और 7 वर्षीय अनन्या के रूप में हुई है। सभी बच्चे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-जांजगीर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके माता-पिता रोजी-रोटी के लिए कुशीनगर स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद भट्ठे पर मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ईंट भट्ठों के आसपास मिट्टी खनन के बाद बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते। लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


