Kushinagar News: 2 जून को तमकुहीराज आएंगे मुख्यमंत्री, 376 करोड़ की 271 परियोजनाओं की देंगे सौगात

Kushinagar News: कुशीनगर के तमकुहीराज में 2 जून को मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे 376 करोड़ रुपये की लागत वाली 271 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात देंगे।

Mohan Suryavanshi
Published on: 31 May 2026 1:21 PM IST
Kushinagar News
X

Kushinagar News(Photo-Social Media)

Kushinagar News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 2 जून को तमकुहीराज कस्बे में प्रस्तावित दौरा जिले के लिए विकास की नई सौगात लेकर आएगा। मुख्यमंत्री 376 करोड़ रुपये लागत की 271 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां कल शाम से ही कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, भूमि समतलीकरण और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर तमकुहीराज कस्बे के हरिहरपुर स्थित एनएचएआई पार्किंग ग्राउंड और उससे सटे खाली मैदान को जनसभा स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। नगर पंचायत और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मचारी अधिकारियों की निगरानी में तैयारियों में जुटे हैं। जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से मैदान की सफाई कराई जा रही है तथा गड्ढों को मिट्टी और ईंटों से भरकर समतल बनाया जा रहा है। इसके बाद रोलर चलाकर भूमि को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वहीं मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना से भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है। बताया जा रहा है कि अपने दस वर्षीय कार्यकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार तमकुहीराज कस्बे में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे लेकर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र की चार प्रमुख सड़कों, पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित दो मंदिरों, सेवरही स्थित ड्रग वेयरहाउस, सीएचसी सेवरही के 70 बेड वाले कोविड भवन, घववा जमदीश विद्युत उपकेंद्र तथा बांसगांव स्थित हल्दी प्रसंस्करण केंद्र का लोकार्पण प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा मुख्यमंत्री बहुप्रतीक्षित गोलाघाट सेतु, सेवरही बाईपास और 100 बेड के संयुक्त चिकित्सालय सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

Mohan Suryavanshi
ABOUT THE AUTHOR

Mohan Suryavanshi

Next Story