TRENDING TAGS :
Lakhimpur Kheri News: अबगावां में वार्षिकोत्सव, प्रतिभाओं का सम्मान व छात्र विदाई
Lakhimpur Kheri News: मितौली ब्लॉक के परमेश्वर दिन गोकरन प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव, पुरातन छात्र सम्मेलन व विदाई समारोह आयोजित, पुलवामा पर शिक्षा कार्यक्रम भी प्रस्तुत।
अबगावां में वार्षिकोत्सव, प्रतिभाओं का सम्मान व छात्र विदाई (Photo- Newstrack)
Lakhimpur Kheri News: विकासखंड मितौली अंतर्गत ग्राम पंचायत अबगावां स्थित परमेश्वर दिन गोकरन प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव, प्रतिभा सम्मान, पुरातन छात्र सम्मेलन एवं छात्र विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का अभिनंदन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और शिक्षा पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। 14 फरवरी को हुए पुलवामा हमले की स्मृति में एक शिक्षाप्रद प्रस्तुति भी दी गई, जिसने सभी को भावुक कर दिया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जनप्रतिनिधियों ने छात्रों को किया प्रेरित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कस्ता विधायक Saurabh Singh Sonu तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजीव वर्मा उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधक शांति कुमार अवस्थी भी मंचासीन रहे।
अपने संबोधन में विधायक सौरभ सिंह सोनू ने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक युवा शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि अब शिक्षा को रोजगार से जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है, ताकि पढ़ाई के बाद युवाओं को बेरोजगारी का सामना न करना पड़े। सरकारी एवं निजी दोनों क्षेत्रों में अवसर बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे युवा अपनी योग्यता के अनुसार स्थान प्राप्त कर सकें।
प्रतिभाओं का सम्मान व विदाई
वार्षिकोत्सव के अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय से उत्तीर्ण होकर आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई। शिक्षक दीप कमल अवस्थी ने मुख्य अतिथि को प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विद्यालय परिवार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।


